धोखे से तलाक लेने के बाद दो साल तक पति ने किया पत्नी से दुष्कर्म

ग्वालियर। पत्नी को धोखे में रखकर तलाक ले लिया। जबकि पत्नी को बताया भी नहीं। तलाक के बाद भी दो साल तक उसे साथ रखकर दुष्कर्म करता रहा। जब पत्नी को तलाक और उसके साथ धोखे का पता लगा तो उसने थाटीपुर थाने में शिकायत की। घटना अगस्त 2016 से जुलाई 2018 के बीच थाटीपुर फोरेस्ट कॉलोनी की है। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

थाटीपुर थानाक्षेत्र स्थित फोरेस्ट कॉलोनी निवासी 34 वर्षीय महिला वन विभाग में कर्मचारी है। वर्ष 2007 में उसकी शादी हुई थी। शादी के कुछ साल ठीक से गुजरे उसके बाद पति से महिला की अनबन शुरू हो गई। जिस पर दोनों ने कोर्ट में तलाक के लिए आवेदन किया। पर इसके बाद महिला के पति ने चाल खेली। वह 2015 में महिला को राजीनामा करने के लिए कहने लगा। साथ ही बताया कि कोर्ट मामला भी वापस ले लिया है।

इसके बाद दोनों साथ रहने लगे। अनजान महिला ने कोर्ट में जाना बंद कर दिया। जबकि खुद कोर्ट में केस लड़ता रहा। महिला के लगातार कोर्ट में गैर हाजिर होने और नोटिस के जवाब नहीं देने के कारण अगस्त 2016 में युवक को पत्नी से तलाक मिल गया। पर इसके बाद भी उसने पत्नी को नहीं बताया और उससे संबंध बनाता रहा। अभी जुलाई 2018 में व ह अपने बच्चे को लेकर गायब हो गया। जिसके बाद महिला को हकीकत का पता लगा। पीड़िता ने थाने में शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।