यूपी में ओवैसी के 'मुस्लिम गठबंधन' पर शाहनवाज का प्रहार- उनके बयानों से जोड़ नहीं, सिर्फ तोड़ होता है
उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव ( UP Elections 2022) में अभी लंबा वक्त बाकी है, लेकिन यूपी चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) के शामिल होने की गरमाहट बिहार में भी महसूस होने लगी है. इसी क्रम में ओवैसी के यूपी में मुस्लिम गठबंधन बनाने के बयान पर बिहार सरकार के मंत्री शहनवाज हुसैन ने निशाना साधते हुए कहा कि उनका काम समाज को बांटना है. उनके बयानों से जोड़ नहीं होता है सिर्फ तोड़ होता है.
बता दें कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असुदुद्दीन ओवैसी ने यूपी में मुस्लिमों के लिए संगठन बनाने का ऐलान किया है. इस पर शहनवाज हुसैन (Shahnawaz Hussain) ने कहा कि कोई उनको महत्व नहीं देता है. यूपी में बीजेपी की सरकार बनेगी. शाहनवाज हुसैन ने कहा कि ओवैसी क्या कहते है, इससे फर्क नहीं पड़ता.,
मंत्री शाहनवाज हुसैन बीजेपी युवा मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष कुमार को बधाई देने देर शाम उनके आवास पहुंचे थे. इसी दौरान शहनवाज हुसैन मीडिया से बातचीत कर रहे थे. राजद सुप्रीमो लालू यादव के जातीय जनगणना की मांग करने और पेगासस मुद्दे पर जांच की मांग पर मंत्री शहनवाज हुसैन ने कहा कि लालू जी इतने दिन बाद आए हैं. अपनी बात रख रहे हैं.वहीं, पेगासस मामले पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि यह मामला कोर्ट में जाने के बाद कुछ बोलना सही नहीं है.
शहनवाज हुसैन ने कहा कि मनीष राष्ट्रीय पदाधिकारी बने हैं. मैं भी कभी युवाओ का राष्ट्रीय पदाधिकारी था. मनीष जी को मैंने कहा था कि उनके घर आकर बधाई दूंगा जो उनसे मिलने और बधाई देने पहुचा हूं. मंत्री शाहनवाज हुसैन बीजेपी युवा मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष कुमार के साथ युवा उद्यमी योजना पर चर्चा के लिए देर शाम उनके आवास पहुंचे थे.
शहनवाज हुसैन ने यह भी कहा कि आज के समय मे जिस तरह से माहौल देश में और राज्य में बना है प्रधानमंत्री युवाओ को लेकर चलते हैं. अभी खेल में जो युवा थे. उनसे बात की, टीम भावुक थी, एक अच्छा संदेश गया है. ओलम्पिक के युवा खिलाड़ियों से बात की. युवाओं की पहली पसंद मोदी जी हैं.