चोर पड़कने पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम को बनाया बंधक

ग्वालियर। 8 लाख रुपए की चोरी में संदेही को पकड़ने पहुंची खालसा गांव पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम को उस समय लेने के देने पड़ गए जब गांव के लोगों ने उल्टा हमला बोल दिया। चारों तरफ से गांव के लोगों ने क्राइम ब्रांच के जवानों को घेरा और एक जगह लाकर बंधक बना लिया।

भीड़ के सामने हथियारों से लैस जवान भी दहशत में आ गए। तत्काल बैकअप कॉल किया गया। टीम के गांव में घिरने और बंधक बने होने की सूचना मिलते ही पुरानी छावनी व अन्य थानों से फोर्स गांव में उतारा गया। गांव में पुलिस की घेराबंदी बढ़ने पर बंधक बने क्राइम ब्रांच की टीम को छोड़कर गांव के लोग भाग गए। घटना बुधवार सुबह पुरानी छावनी के खालसा गांव की है। हालांकि पुलिस जवान संदेही को पकड़कर ले आई है। फिलहाल पुष्टि नहीं कर रही है।

पिछले वर्ष पुरानी छावनी के रायरू गांव में हुई 8 लाख रुपए नकद, बंदूक चोरी के मामले में बुधवार सुबह क्राइम ब्रांच की टीम एएसआई सत्यवीर सिंह के नेतृत्व में खालसा गांव पुरानी छावनी पहुंची थी। संदेही की तलाश में निकली टीम में सत्यवीर के साथ आरक्षक राहुल, रोहित व भगवती भी शामिल थे। सुबह यह खालसा गांव पहुंचे। क्राइम ब्रांच की टीम ने प्लान के आधार पर संदेही के घर की घेराबंदी की।

घेराबंदी के बाद जैसे ही उसके घर में घुसे तो महिलाएं सामने आ गईं। महिलाओं ने विरोध जताया और शोर मचा दिया। इसके बाद तो आसपास के लोग एकत्रित हो गए। चंद मिनटों में पूरा गांव एक हो गया। हाथ में लाठी, डंडे व बंदूकें लेकर गांव के लोगों ने क्राइम ब्रांच की टीम को घेर लिया। सैकड़ों लोगों से खुद को घिरा पाकर जवान कमर पर लगी पिस्टल भी नहीं दिखा पाए। गांव के लोगों ने उन्हें वहीं संदेही के घर के सामने ही घेरकर बंधक बनाए रखा। करीब एक घंटे तक गांव के लोग मारपीट करने, बांधकर डालने की बातें करते रहे। बंधक बने जवानों की जान दहशत में रही।