रायरू के पास कार को पीछे आ रहे ट्रक ने टक्कर मारी, कार पलटने से 3 घायल

ग्वालियर. पुरानी छावनी व रायरू के बीच शुक्रवार की सुबह ग्वालियर से मुरैना की तरफ जा रही कार का तेज धमाके के साथ टायर फट गया। गाड़ी बेकाबू होकर सड़क पर लहराई। इसी दाैरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक का चालक स्पीड पर कंट्रोल नहीं रख पाया ऐ ट्रक के कार में पीछे से टक्कर मारने से सड़क पर गुलाटी खा गई। कार मेंं टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक सहित मौके से भाग निकला। घटना के समय मौजूद युवक ने कार में सवार तीन घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। एक घायल का कान फट गया है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुरानी छावनी थाने के जवान मौके पर पहुंचे। दोनों जवान घटनास्थल की परिक्रम लगाकर वापस गए। पुलिस ने कार के पलटने की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है अभी तक कोई रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए नहीं आया है।

घटनास्थल के पास ही रहने वाले अंकित राजपूत ने बताया कि वह अपनी गाय बांध रहा था। अचानक टायर फटने की आवाज सुनाई दी। उसका ध्यान सड़क पर गया। टायर फटने के बाद कार लहरा रही थी। कार के पीछे ट्रक तेज रफ्तार से आ रहा था। ट्रक चालक अपनी रफ्तार पर कंट्रोल नहीं कर पाया और आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से कार पलट गई। कार में सवार मदद के लिए चीख पुकार मचाने लगे। अंकित ने बताया कि यह कार उसके परिचित आकाश निवासी अंबाह की है। कार में उसकी मां भी सवार थी। उनका कान कट गया उनके अलावा कार में सवार दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायलों को उसने अपनी बाइक से अस्पताल पहुंचाया। पुरानी छावनी थाना पुलिस अभी रिपोर्ट दर्ज करने के लिए फरियादी का इंतजार ही कर रही है।