गांधीनगर में तीन बदमाशों ने ठेकेदार को गोली मारी
ग्वालियर. गांधीनगर में मंगलवार की रात को ठेकेदार महेंद्र गुप्ता को बाइक पर आए गुड्डू वाजपेयी व उसके दो अन्य साथियों ने गोली मार दी। गोली ठेकेदार के पेट में लगी है। गंभीर हालत में ठेकेदार को इलाज के लिए जेएएच में भर्ती कराया गया। हमलावरों ने गोली मारने से पहले ठेकेदार से 50 हजार रुपये मांगे थे। आशंका है कि गोली मारने वाले बदमाश रंगदारी वसूलने के लिए आए थे। पुलिस का कहना है कि अभी यह पता नहीं चल सकता है कि हमलावर पैसे किस बात के मांग रहे थे।
क्या है पूरा मामला
गांधीनगर निवासी महेंद्र गुप्ता ठेकेदारी करते है। मंगलवार रात को वे घर के पास ही खड़े थे, उसी समय बाइक पर गुड्डू वाजपेयी, बॉबी दंडोतिया व एक अन्य के साथ आया। गुड्डू ने ठेकेदार से 50 हजार रुपये मांगे। महेंद्र के रुपये देने से मना करने पर गुड्डू ने नजदीक से ठेकेदार की हत्या करने के इरादे से गोली मार दी। गोली पेट में बाएं तरफ लगी। गोली मरने के बाद बदमाश बाइक से भाग गए। स्वजन घायल को इलाज के लिए अस्पताल लेकर दौड़े, ठेकेदार को गोली मारने की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पड़ाव थाना प्रभारी विवके अष्ठाना ने बताया कि महेंद्र गुप्ता पहले से गुड्डू वाजयेपी से परिचित है। दोनों के बीच बातचीत भी होती है लेकिन शुरूआती जांच में यह पता नहीं चल सका है कि गुड्डू ठेकेदार से किस बात के 50 हजार रुपये मांग रहा था। पड़ाव थाना पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।