यूपी के बाराबंकी में भीषण सड़क हादसे में 18 लोगों की मौत
बाराबंकी. यूपी के बाराबंकी में मंगलवार की देर रात को बड़ा हादसा हो गया है। यहां लखनऊ-अयोध्या हाइवे पर सड़क किनारे खड़ी बस को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार और उसके नीचे सो रहे यात्री चपेट में आ गये। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में 18 लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में एक महिला और बाकी पुरूष है। जबकि 23 से अधिक लोग घायल है। गंभीर घायलों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। बस हरियाणा से बिहार जा रही थी। मृतकों की संख्या और बढ़ भी सकती है।
हादसा बाराबंकी के रामसनेही घाट थाना क्षेत्र में हुआ। डबल डेकर बस हरियाणा से बिहार जा रही थी। इसमें 150 यात्री सवार थे। दरअसल, एक बस रास्ते में खराब मिली थी। जिसके यात्री भी इसी बस में आ गये थे। बाराबंकी के के रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र में बस का एक्सल टूट गया। इसलिये ड्रायवर ने बस को लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर कल्याणी नदी के पुल पर खड़ा कर दिया था और इसके बाद यात्री उतरकर बस के नीचे, उसके आगे और आसपास लेट गये। इसी बीच रात 11.30 बजे लखनऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बस को टक्कर मार दी। इससे बस और ट्रक की चपेट में आकर लगभग 11 लोगों की मौक पर ही मौत हो गयी और जबकि बाकी 7 लोगों ने अस्पताल पहुंचते -पहुंचते ही दम तोड़ दिया।
सड़क किनारे खड़ी थी बस
पुलिस ने बताया कि बस में खराबी आने के बाद ड्राइवर ने उसे रात 8 बजे के करीब सड़क किनारे ही खड़ा कर दिया था और देर रात करीब 12 बजे पीछे से आ रहे ट्रक ने उस डबल डेकर बस में जोरदार टक्कर मार दी जिससे मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि बस हरियाणा के पलवल से चली थी और बिहार की ओर जा रही थी.