सृष्टि रोड़े ने फिल्म के लिए छोड़ी टीवी इंडस्ट्री, अब कही नहीं मिल रहा काम, बयां किया दर्द

टीवी एक्ट्रेस और एक्स बिग बॉस कंटेस्टेंट सृष्टि रोड़े (Srishty Rode) इन दिनों बुरे वक्त से गुजर रही हैं. सृष्टि बीते 3 सालों से टीवी की दुनिया से गायब हैं. 'बिग बॉस 12' में आने के बाद से सृष्टि रोड़े ने किसी भी टीवी शो में काम नहीं किया है. अब सृष्टि रोड़े अपनी बॉलीवुड फिल्म 'गबरू गैंग' के रिलीज होने का इंतजार कर रही हैं. एक्ट्रेस ने फिल्म के लिए टीवी इंडस्ट्री छोड़ दी थी. अब न वो टीवी में काम कर रही हैं और न ही उनकी फिल्म रिलीज हो रही है, ऐसे वह काफी दुखी हैं.

फिल्म के रिलीज न होने से सृष्टि रोड़े (Srishty Rode) का दिल टूट गया है. हाल ही में उन्होंने अपने दिल का हाल बयां किया है. टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए सृष्टि रोड़े ने बताया कि किस तरह से फिल्म में काम करने के लिए उन्होंने अपना एक साल बर्बाद कर दिया. सृष्टि रोड़े ने कहा, 'बिग बॉस 12 से बाहर आने के बाद मैंने गबरू गैंग नाम की एक फिल्म साइन की थी. मैंने इस फिल्म के लिए शूटिंग भी की है लेकिन आज तक किसी ने भी इस फिल्म का नाम भी नहीं सुना. मैंने अपना पूरा 2019 इस फिल्म की शूटिंग में बर्बाद कर दिया. मेरी फिल्म अब रिलीज नहीं हो पा रही है. मेरी फिल्म री रिलीज डेट लगातार आगे बढ़ रही है.'

आगे सृष्टि रोड़े ने आगे कहा, 'मुझे खुद भी नहीं पता कि मेरी फिल्म किस दिन रिलीज होगी. अब मैं काम करना चाहती हूं लेकिन कोरोना वायरस मुझे रोक रहा है. मेरे कई प्रोजेक्ट कैंसल हो चुके हैं. मैं हमेशा बेवकूफों वाले काम करती हूं. मुझे इस तरह से टीवी से लंबा ब्रेक नहीं लेना चाहिए था. मुझे जो ठीक लगा मैंने किया. अब मैं टीवी में काम करना चाहती हूं. मैंने कुछ लोगों से काम पाने के सिलसिले में मुलाकात की है.'

हाल ही में सृष्टि रोड़े (Srishty Rode) ने अपने फैंस को बताया कि उन्होंने सर्जरी करवाई है. सृष्टि रोड़े सलमान खान (Salman Khan) के शो बिग बॉस सीजन 12 में प्रतियोगी के रूप में हिस्सा लेकर चर्चा में आ गई थी. लेकिन शो खत्म होने के बाद भी वो अपने अफेयर की वजह से सुर्खियों में बनी हुई हैं.