अहमदाबाद में गैस सिलेंडर फटने से मप्र में गुना के 7 मजदूरों की मौत

गुजरात में अहमदाबाद में गैस सिलेंडर लीक होने से आग लग गई इस आग में मप्र से गुना के एक ही परिवार के 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना पर मप्र के सीएम शिवराज सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम शिवराज सिंह ने इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, बच्चों के परिवार को 2 लाख देने और घायलों के निःशुल्क इलाज की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार मप्र के गुना जिले के करीब 15 लोग हाल ही में मजदूरी के लिए अहमदाबाद पहुंचे थे। वे सभी एक ही परिवार के सदस्य थे उन्हें वहां काजू की एक फैक्ट्री में काम मिल गया था। मंगलवार रात परिवार के लोग फैक्ट्री में बने कमरे में सोए हुए थे तभी देर रात रसोई गैस का सिलेंडर लीक हो गया, जिसने कुछ ही क्षणों में आग पकड़ ली। इस घटना में कमरे में सो रहे सभी 10 लोग चपेट में आ गए।

आग का शोर मचने पर आसपास के लोग बचाने के लिए दौड तब तक आग तेजी से भड़क चुकी थी। कुल 7 लोगों की इस घटना में मौत हो गई जबकि बाकी लोग बुरी तरह झुलस गए। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और मृतकों में से 4 लोगों के शव गांव पहुंच गए है और उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है, बाकी बचे तीन शवों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।