शिमला के मॉल रोड और रिज मैदान में सैलानियों के बैठन पर रोक, भीड़ बढ़ी तो एंट्री बैन
शिमला. कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर (Corona Third Wave) के चलते शिमला (Shimla) जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है. शिमला में बढ़ती पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त निर्णय लेने का फैसला लिया है. शिमला के रिज (Ridge) और मॉल रोड (Mall Road) पर वरिष्ठ नागरिकों को छोड़ कर अब किसी को बैठने की अनुमति नहीं होगी. यही नहीं इसके साथ अगर रिज और मॉल रोड में क्षमता से ज्यादा लोगों या पर्यटकों की भीड़ बढ़ती है तो एंट्री पर पाबन्दी लगाई जा सकती है.
डीसी शिमला आदित्य नेगी ने यह फैसला लिया है. कोविड-19 (COVID-19) की संभावित तीसरी लहर की तैयारियों और बचाव को लेकर व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन बस और टैक्सी ऑपरेटर्स एसोसिएशन एवं विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया.
रिज और मॉल रोड़ में सीमित संख्या पर मिलेगा प्रवेश
बैठक में शिमला के रिज तथा मॉल में पर्यटकों एवं लोगों को सीमित संख्या में ही अब प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी. रिज और मॉल के प्रवेश रास्ते पर पुलिस की तैनाती कर पर्यटकों और लोगों को जागरूक करेंगे, ताकि सामाजिक दूरी बनी रहे. उन्होंने बताया कि रिज तथा मॉल रोड पर बैठने के लिए लगाए गए कुछ बैंचों को अब हटा दिया जाएगा. नौजवान और युवाओं को उन बैंचो पर बैठने नहीं दिया जायेगा. इन बेंचो पर अब सिर्फ वरिष्ठ नागरिकों को ही बैठने की इजाजत दी जाएगी.
पुलिस कर्मियों द्वारा रिज और मॉल में लोगों की अधिक संख्या होने पर उन्हें भीड़ भाड़ से निकलने का आग्रह करेंगे. भीड़ भाड़ को नियंत्रित करने के लिए शिमला के अन्य स्थानों पर भी इसी तरह के कदम उठाए जाएंगे. इसके बाद इन निर्णयों के परिणाम के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. वहीं उन्होंने टूरिज्म और व्यापार मंडल से जुड़े कर्मचारियों की मासिक आधार पर सैंपलिंग की जाएगी, जिसकी सूची समिति के द्वारा प्रशासन को दी जाएगी.