दिल्ली: इस 300 बीघा जमीन के बड़े हिस्से पर भू-माफियाओं का कब्जा, छुड़ाने की कवायद हुई तेज

नई दिल्ली. केजरीवाल सरकार (Kejriwal Government) के निर्देश के बाद अब दिल्ली के भू-माफियाओं (Land Mafia) पर नकेल कसने का काम शुरू हो गया है. नसीरपुर के बाद अब तिमारपुर विधानसभा के अंतगर्त आने वाले रामघाट वजीराबाद के पास 300 बीघा जमीन के बड़े हिस्से पर भू-माफियाओं ने जो कब्जा किया था, उसे छुड़ाने की कवायद तेज हो गई है. स्थानीय विधायक दिलीप पांडेय (Dilip Pandey) ने इस जमीन के बड़े भूभाग पर भू माफियाओं के कब्जे का मामला विधानसभा पिटीशन समिति के संज्ञान में लाया था, उस पर अब प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है. विधायक का दावा है कि बहुत जल्द ही इस जमीन पर भी अवैध कब्जा हटा कर स्कूल, पार्क और प्लेग्राउंड बनाने का काम शुरू हो जाएगा.

300 बीघा जमीन पर भी बनेंगे अब स्कूल और प्ले-ग्राउंड

दरअसल, दिल्ली के कई इलाकों में भू-माफिया सरकारी जमीन पर कब्जा जमा कर बैठे हैं. तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र के रामघाट वजीराबाद के पास भी 300 बीघा जमीन के अधिकांश हिस्से पर भू-माफियाओं का अवैध तरीके से कब्जा है. यहां पर भू-माफिया अवैध तरीके से समाज के गरीब लोगों को प्रलोभन देकर ठगी का कार्य कर रहे हैं. पिछले दिनों ही स्थानीय विधायक दिलीप पांडेय ने विधानसभा पेटिशन समिति के संज्ञान में भी यह बात लाई गई थी. एसटीएफ की मदद से कुछ हिस्सों को मुक्त भी कराया गया, लेकिन जैसे ही प्रशासन की टीम वहां से निकली भू-माफिया के द्वारा एक बार फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया.

स्थानीय विधायक की कोशिश से मामला संज्ञान में आया

इस बात की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी गई है. पिछले दिनों ही क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि अमरेंद्र झा ने एसडीएम सदर, राजस्व विभाग, पीडब्ल्यूडी सिंचाई विभाग एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ अवैध निर्माण स्थल का दौरा किया था. इस मौके पर एसडीएम ने अवैध कब्जा न होने देने का आश्वासन दिया और पूरे दस्तावेज के साथ सभी पदाधिकारियों के साथ मीटिंग के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए थे. एसडीएम ने इस मामले में जल्द उचित कार्रवाई कर के क्षेत्र के विकास के लिए इन जमीनों से जल्द कब्जा हटवाने का आश्वासन भी दिया है ताकि यहां स्कूल, प्लेग्राउंड, पार्क, अस्पताल आज जन सुविधाओं का विकास किया जा सके.

क्या कहना है विधायक प्रतिनिधि का

विधायक प्रतिनिधि अमरेंद्र झा न्यूज 18 हिंदी के साथ बातचीत में कहते हैं, 'इस अवैध कब्जे वाली जमीनों पर दिल्ली सरकार की तरफ से भविष्य में स्कूल, पार्क और प्ले ग्राउंड बनाने की योजना है, जिससे क्षेत्र का ज्यादा से ज्यादा विकास हो सके और लोगों के जीवनस्तर को बेहतर किया जा सके. विधायक दिलीप पांडेय की ओर से स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों से मिलकर जल्द कब्जे हटवाने के लिए उचित कार्रवाई करने को कहा गया है.'

भू-माफिया से छुड़ा कर जमीन पर बनाए जा रहे हैं स्कूल

दिल्ली के कई इलाकों में प्रशासन के द्वारा भू-माफियाओं पर की जा रही कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है. जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने में स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रशासन और स्थानीय विधायक भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. पिछले दिनों ही दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने नसीरपुर गांव में भू-माफिया के द्वारा कब्जाए जमीन को छुड़ा कर उस जमीन पर एक स्कूल भवन का शिलान्यास किया था. इस जमीन को भू माफियाओं ने कब्जा किया हुआ था. इस जमीन पर अब 2,500 बच्चों के लिए स्कूल भवन तैयार करने का काम शुरू हो गया है.