बीकानेर में चलती ट्रेन के आगे कूदकर स्टेशन मास्टर ने की खुदकुशी, हाल में ही हुई थी शादी
बीकानेर. राजसथान के बीकानेर (Bikaner) जिले में एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां के लूणकरणसर तहसील (Lunkaransar Tehsil) के नाथवाना गांव में शुक्रवार को रेलवे स्टेशन (Railway Station) के पास ट्रेन के आगे कूदकर स्टेशन मास्टर ने कथित रूप से आत्महत्या (Suicide) कर ली. इस घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने बताया कि नाथवाना रेलवे स्टेशन से एक किलोमीटर दूर स्टेशन मास्टर विनोद कुमार (31) ने ट्रेन के आगे छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने क्षत विक्षत शव को पटरियों से हटाने के बाद उनके परिजनों को घटना की सूचना दी.
लूणकरणसर थानाधिकारी सुमन परिहार ने बताया कि मृतक के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और शव को पोस्टमार्टम के लिये स्थानीय अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है. परिजनों के शनिवार सुबह यहां पहुंचने पर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. उन्होंने बताया कि मृतक स्टेशन मास्टर मूल रूप से सीकर जिले का निवासी था और 2018 से रेलवे में कार्यरत था. उसकी कुछ समय पूर्व शादी हुई थी.
RAS अफसर ने भी की थी खुदकुशी
बता दें कि बीते जून महीने में भी एक इसी तरह की घटना सामने आई थी. तब जयपुर में राजस्थान प्रशासनिक सेवा के एक अधिकारी ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी. घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया था. पुलिस ने शव को स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया था. पुलिस को शव के पास से सुसाइड नोट भी मिला था, लेकिन उसका अभी तक खुलासा नहीं किया गया था.
जानकारी के अनुसार, आत्महत्या करने वाले अधिकारी मोहन सिंह ने सुबह में आत्महत्या कर ली थी. उन्होंने सुबह करधनी थाना इलाके में ट्रेन के आगे छलांग लगा दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या करने की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. बाद में मृतक की शिनाख्त आरएएस अधिकारी मोहन सिंह के रूप में हुई.