दिल्ली में सबसे बड़े रैकेट का खुलासा, स्पेशल सेल ने 2500 करोड़ की 300 किलो ड्रग्स जब्त की

नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली (Delhi) में ड्रग्स के बड़े कारोबार का आज खुलासा हुआ है. दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की स्पेशल सेल ने करीब 300 किलो से ज्यादा उम्दा क्वालिटी की हेरोइन (Heroin) बरामद कर इस रैकेट का खुलासा किया है. बाजार में इसकी कीमत 2500 करोड़ रुपए बताई जा रही है. दिल्ली पुलिस ने अब तक के सबसे बड़े ड्रग्स रैकेट का खुलासा करते हुए राजधानी और हरियाणा के फरीदाबाद से 3 लोगों को भी गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि ढाई हजार करोड़ की ड्रग्स के पीछे नार्को-टेररिज्म फैलाने की मंशा हो सकती है.

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अधिकारियों ने ड्रग्स रैकेट का खुलासा करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लंबे अरसे से चल रहे इस खतरनाक कारोबार के बारे में विस्तार से जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि ड्रग्स के काले कारोबार करने वाले शातिरों को पकड़ने के लिए महीनों से ऑपरेशन चल रहा था. आज पुलिस की स्पेशल सेल ने 354 किलो बेहद उम्दा क्वालिटी की अफगानिस्तान से आई हेरोइन बरामद की है. साथ ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो पंजाब के रहने वाले हैं, जबकि एक कश्मीर के अनंतनाग का निवासी है.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक इतनी बड़ी तादाद में यह ड्रग्स समुद्र के रास्ते कंटेनर्स में छुपाकर लाई गई थी. मध्य प्रदेश के शिवपुरी के पास एक फैक्ट्री में इस ड्रग्स को और फाइन क्वालिटी का बनाया जाना था. इसके बाद पंजाब ले जाने की तैयारी थी. पुलिस के मुताबिक फरीदाबाद मे ड्रग्स को छिपाने किराए का मकान लिया गया था. अफगानिस्तान में बैठे शातिर इस ड्रग्स रैकेट का लिंक ऑपरेट कर रहे थे.

वह जोहान्सबर्ग से दिल्ली आया था

बता दें कि दिल्ली में इन दिनों ड्रग्स स्मगलिंग के मामले बढ़ गए हैं. बीते बुधवार को दिल्ली की कस्टम की टीम ने इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Indira Gandhi International Airport) पर एक विदेशी नागरिक को ट्रैप किया था. ये नागरिक जाम्बिया का रहने वाला था. वह जोहान्सबर्ग से दिल्ली आया था. यहां पर संदेह होने पर कस्टम की टीम ने उसे एयरपोर्ट पर रोका. फिर दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उसका एक्स-रे कराया गया तो उसके पेट के अंदर हल्के पीले रंग के कैप्सूल नजर आए. फिर उसे दवाई के जरिए डॉक्टरों ने निकाला तो कुल 106 कैप्सूल निकाले गए, जिनमें 1052 ग्राम पाउडर मिला.