पुलिसकर्मी के लापता भतीजे का शव रात को किला तलहटी में पड़ा मिला

ग्वालियर. एक पुलिसकर्मी के लापता भतीजे का शव बुधवार रात किला तलहटी में पड़ा मिला। मृतक सुबह बाइक लेकर घर से निकला था। वह माधवगंज में फूफा के घर जाने की कहकर निकला था लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। परिजन ने बहोड़ापुर थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। बुधवार रात पुलिसकर्मी के भतीजे का शव छिंग्गे साहब की दरगाह के पास पड़ा मिला और उसकी बाइक किले पर ऊपर खड़ी मिली। पुलिस को आशंका है कि उसने किले से छलांग लगाकर खुदकुशी की है, कारण क्या है यह पुलिस जांच कर रही है।

शहर के शब्दप्रताप आश्रम के पास रहने वाले मनीष पुत्र बलवीर कौरव बुधवार सुबह 7.30 बजे घरवालों से घूमने की कहकर मोटरसाइकिल से निकला था। वह कह कर निकला था कि माधवगंज में अपने फूफा के घर जा रहा है इसके बाद वह घर ही नहीं लौटा। सुबह 10 बजे करीब उसका मोबाइल बंद हो गया, परिनज ने जब उसे कॉल किया तो नंबर ही नहीं लगा फिर माधवगंज में फुफा के घर कॉल किया। पता लगा कि वह वहां पहुंचा ही नहीं है इसके बाद परिजन को उसकी चिंता हुई।

परिजन ने उसके दोस्तों-परिचित के यहां भी मनीष के बारे में पता लगाया लेकिन सभी ने उनके घर मनीष के पहुंचने से इनकार कर दिया। सुबह से लेकर शाम तक परिजन उसे ढूंढते रहे साथ ही उसके आने के इंतजार भी करते रहे। शाम को परिजन ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बहोड़ापुर थाने में दर्ज कराई। इसी बीच रात को उसका शव छिंगेशाह की दरगाह के पास पड़े होने की सूचना मिली। तत्काल सूचना पड़ाव थाना पुलिस को दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी साथ ही शव को अपनी निगरानी मे लेकर डेड हाउस के लिए भिजवाया। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि किले पर एक बाइक लावारिस खडी है मनीष के परिजन मौके पर पहुंच गए और बाइक को पहचान लिया। मृतक का चाचा पुलिस में एएसआई है और उसने शव की शिनाख्त अपने भतीजे मनीष के रूप में की है। अब गुरूवार सुबह शव को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।