डीआरडीओ को आवंटित की गई 140 एकड़ जमीन पर बने 90 अवैध मकानों को प्रशासन ने जमींदोज किया

ग्वालियर. महाराजपुरा पर डीआरडीओ को आवंटित की गई करीब 140 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई को आज अंजाम दिया गया। यहां अवैध रूप से करीब 90 मकान बनाए गए है, इस जमीन को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए पुलिस बल के साथ प्रशासन की टीम जेसीबी लेकर पहुंची। सुबह 12 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में एक-कए मकान को जेसीबी के पंजे ने धराशाही करना शुरू कर दिया। दरअसल सिटी सेंटर स्थित डीआरडीओं लैब के क्रिटिकल पार्ट को महाराजपुरा स्थित इसी 140 एकड़ जमीन पर शिफ्ट किया जाना है इसके लिए हालही में सीमांकन प्रक्रिया अपनाई गई थी। इस दौरान खसरा नंबर 63 और 64 पर मकान बनाकर अवैध कब्जे की जानकारी मिली लिहाजा इसी अवैध कब्जे को हटाने के लिए आज कार्रवाई शुरू की गई। डीआरडीओ को जो 140 एकड जमीन आवंटित की गई है उसकी सुरक्षा के लिए तार फेंसिंग या बाउंड्री भी कराई जाएगी।

जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने 10 लोगों की टीम बनाई

डीआरडीओ को आवंटित की गई 140 एकड़ जमीन पर से अवैध कब्जा हटाए जाने के लिए एसडीएम पुष्पा पुषाम, राजस्व अधिकारी व कर्मचारियों का दल प्रशासन द्वारा गठित किया गया है। इसमें राजस्व निरीक्षक दिलीप दरोग, पटवारी अरविंद गोयल, दीवान सिंह, ज्ञान सिंह राजपूत, राजेश राठौर, पंकज शर्मा, केके शर्मा, हरीमोहन राजपूत, दीपेंद्र राजौरिया और संजय गुप्ता को रखा गया। पुलिस बल के साथ टीम आज मौके पर पहुंची और अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई की।


बता दें कि अब तक की प्लानिंग के अनुसार यहां सिर्फ लैब बनाई जाएगी और सिटी सेंटर स्थित डीआरडीओ कैंपस में आवास और लैब का कुछ हिस्सा रहेगा। डीआरडीओ ने जिला प्रशासन को 2023 तक लैब शिफ्टिंग का प्लान बताया है। लैब के महाराजपुरा में शिफ्ट होने से सिटी सेंटर क्षेत्र में आ रहीं कई सरकार व गैर सरकारी सम्पत्तियां टूटने से बच जाएंगी।