सरकार की 3 करोड़ की रेत मिट्टी मिलाई, 1 हजार ट्रॉली डम्प रेत जब्त कर जिला प्रशासन ने मिट्टी में मिलाया
ग्वालियर. मुरैना में जिला प्रशासन की टीम ने चम्बल किनारे अवैध रेत पर बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। रेत माफिया की डम्प की गयी एक हजार ट्रॉली रेत जेसीबी से मिट्टी में मिला दी। जिला प्रशासन चाहता तो यह रेत नीलाम करके बाजार में बेच सकता था। जिससे राज्य सरकार को 3 करोड़ रूपये की आय होती। अब माफिया इसी मिट्टी मिली रेत को कम रेट पर बाजार में बेच देंगे।
जौरा एसडीएम सुरेश वरहादिया, वन विभाग की एसडीओ श्रद्धा पांढ़रे और पुलिसबल मंगलवार की सुबह 4 बजे ही चम्बल के किनारे गुड़ा गांव पहुंच गये। वहां लगभग एक हजार ट्रॉली से ज्यादा रेत डम्प किया हुआ था। तीनों विभाग के अमले ने वहां पहुंचकर जेसीबी मशीन से उस रेत को मिट्टी मिलवाना शुरू कर दिया।
इन ठिकानों की रेत को मिट्टी में मिलवाया
प्रशासनिक अमले ने गुड़ा गांव की सीमा से पहले ही डम्प किया हुआ रेत मिट्टी में मिलवाना शुरू कर दिया और उसके बाद देवगढ़ में रखा दर्जनों ट्रॉली रेत को मिट्टी में मिलवाया गया और उसके बाद गुड़ागांव में मौजूद डम्प रेत को मिट्टी में मिलवाया गया।
पुलिस बल के सामने हिम्मत नहीं जुटा पाये रेत माफिया
प्रशासनिक अधिकारी जब गुड़ा चम्बल रोड पर डम्प रेत को मिट्टी मे मिलाने की कार्यवाही कर रहे थे। उसी समय गांव के लोग हथियारों से लैस होकर एकत्रित हो गये। लेकिन पुलिस बल और एसएएफ के हथियारबन्द जवानों को देखकर उनकी हिम्मत नहीं पड़ी।
मंत्री से लेकर सीएम तक हो चुकी बातचीत
अवैध रेत के खनन को लेकर ऊर्जामंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर, कृषि मंत्री कमल पटेल व सहकारिता मंत्री अरबिंद भदौरिया तक इस मसले पर रेत पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर चुके है। हाल ही में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने भी सीएम से मुलाकात कर 8 घाटों से रेत खनन की अनुमति जारी करने की मांग की है। चम्बल के अवैध रेत के खनन को लेकर कांग्रेस शासन में मंत्री रह चुके पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह इस मामले में सरकार की पहले ही तीव्र आलोचना कर चुके हैं। वह इस बात को खुलकर कह चुके हैं कि माफियाओं के आगे सरकार की भी नहीं चल रही हैं।
कलेक्टर का कहना है
अवैध रेत को बेचा क्यों नहीं गया। उन्होंने कहा है कि घडि़याल अभ्यारण्य के रेत को बेचने का नियम नहीं है और इसका कोई प्रावधान भी नहीं हैं। अभी तक ऐसा कभी नहीं किया गया है। इसलिये रेत को मिट्टी में मिलवाया जा रहा है। जब उनसे कहा गया है कि मिट्टी में मिले रेत में से माफिया मिट्टी को अलग कर रेत फिर से बेच देंगे। इस पर उन्होंने कहा है कि वह इस ऐसा न कर पायें इसलिये इसका उपाया किया जायेगा।