Delhi-AIIMS Fire: इमरजेंसी वार्ड के पास लगी आग, मरीज बाहर निकाले, दमकल की 7 गाड़ियों ने पाया काबू

नई दिल्ली. देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के एम्स (Delhi-AIIMS) में सोमवार को आग (Fire) लगने से हड़कंप मच गया. यह हादसा इमरजेंसी के पास ग्राउंड फ्लोर में स्टोर रूम में हुआ. वहीं, सूचना के बाद दमकल की सात गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है. आग लगने की घटना करीब सुबह 5 बजे हुई थी और इसके बाद इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई. यही नहीं, आग की घटना के बाद मरीजों को बाहर निकाला गया. इस घटना में किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है.

आग लगने की घटना के बाद मरीजों को सुरक्षा के लिहाज से बाहर खुले में शिफ्ट किया गया था. हालांकि कुछ घंटे बाद मरीज और उनके तामीरदारों को फिर से वार्ड में शिफ्ट कर लिया गया है. यही नहीं, आग लगने की वजह की जांच भी शुरू कर दी गई है. वैसे गनीमत रही कि इस दौरान किसी भी प्रकार का जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ.

16 जून को लगी थी 9वें फ्लोर पर आग

इसस पहले दिल्‍ली एम्‍म के 9वें फ्लोर पर आग पर 16 जून को आग लगी थी. उस वक्‍त दमकल विभाग की 22 गाड़ियों ने काबू पाया था. हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था, क्योंकि फ्लोर को पहले ही खाली करा लिया गया था. वहीं, जांच में पता चला था कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी. इस बार भी आग लगने की घटना में कोई घायल नहीं हुआ है.