Jodhpur News: एसएन मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग छात्रा से छेड़छाड़, सीनियर छात्र पर थप्पड़ मारने का भी आरोप

जोधपुर. शहर के डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज (Dr. SN Medical College) में पढ़ने वाली नर्सिंग छात्रा के साथ सीनियर छात्र द्वारा छेड़छाड़ (Molestation) करने का मामला सामने आया है. एमडीएम अस्पताल स्थित नर्सिंग कॉलेज की छात्रा ने प्रिंसिपल को शिकायत देकर सीनियर छात्र के खिलाफ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. छात्रा का आरोप है कि सीनियर ने उसे थप्पड़ मारा. नर्सिंग कॉलेज की पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की फाइनल ईयर की छात्रा ने आरोप लगाया कि एमएससी नर्सिंग प्रीवियस बैच-2021 का छात्र आशीष कुमार यादव उन्‍हें मानसिक व शारिरिक रूप से परेशान करता है. उसने अपनी शिकायत में बताया कि आशीष ने हाल ही में हॉस्टल से निकलते वक्त उनसे मारपीट कर छेड़छाड़ की.

प्रिंसिपल से शिकायत के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं

पीड़ित छात्रा ने सीनियर द्वारा छेड़छाड़ करने के बाद नर्सिंग कॉलेज के प्रिंसिपल को शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन प्रिंसिपल ने अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है. पीड़ित छात्रा ने बताया की छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करवाने के बाद आरोपी सीनियर के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय उल्टा उसे ही परेशान किया जा रहा है. इससे दुखद बात और क्या हो सकती है.

हैरान करने वाली कार्रवाई, सिर्फ हॉस्टल में एडमिशन पर रोक

नर्सिंग छात्रा की शिकायत पर कॉलेज के प्रिंसिपल ने हैरान करने वाली कार्रवाई की है. नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य मुरलीधर शर्मा ने कहा कि छात्रा की शिकायत मिलने के बाद कमेटी जांच के लिए बनाई है. वह मामले की जांच कर रही है. आरोपी छात्र की हॉस्टल अलॉटमेंट प्रक्रिया पर रोक लगा दी है. उल्लेखनीय है कि मेडिकल कॉलेज में पहले रैंगिंग की शिकायत भी आ चुकी है। लेकिन मेडिकल कॉलेज प्रशासन हर बार इस तरह की शिकायतों को या दबा देता या फिर फौर कार्रवाई कर मामले को निपटा देता है. इससे पीड़ित स्टूडेंट्स मन मोसकर रह जाते हैं.