आदमखोर बेटे ने मां को मारकर किए 1000 टुकड़े, कुत्ते के साथ मिलकर हफ्ते भर से खा रहा था मांस
स्पेन (Spain) में एक शख्स ने जो घिनौनी हरकत की है, उसे सुनकर अपराधियों का भी दिल पसीज जाए. 28 साल के लड़के ने अपनी मां की हत्या (Cannibal son Killed Mother) करने के बाद उसे हजार टुकड़ों में काटा और करीब हफ्ते भर तक उसे खाता रहा. जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो कोर्ट में उसने मानसिक बीमारी का नाटक भी किया. हालांकि उसका ये ड्रामा ज्यादा देर चल नहीं पाया.
ये खौफनाक वारदात हुई है स्पेन के वेंटस (The Cannibal of Ventas') में. यहां 28 साल अल्बर्टो सांचेज गोमेज (Alberto Sanchez Gomez) अपनी मां के साथ रहता था. एक रोज़ उसका अपनी 68 साल की मां के साथ झगड़ा हो गया, जिसके बाद अलबर्टो ने गुस्से में आकर अपनी मां की हत्या कर दी और फिर उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर डाले.
आदमखोर बेटे की घिनौनी करतूत
गला दबाकर मां की हत्या करने के बाद अलबर्ट ने लकड़ी काटे जाने वाली आरी का इस्तेमाल करके अपनी मां के शरीर के हजारों टुकड़े कर डाले. इन टुकड़ों को उसने प्लास्टिक के जार में भरकर फ्रिज में रख दिया. वो इन्हें एक हफ्ते से कभी पकाकर तो कभी कच्चा खाता था. डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक पड़ोसियों और उसकी मां के एक दोस्त ने जब उन्हें नहीं देखा तो गुमशुदा होने की रिपोर्ट लिखवाई.
जब पुलिस घर पहुंची, कुत्ते के साथ बैठकर खा रहा था मांस
रिपोर्ट लिखने के बाद पुलिस महिला की तलाश में जुट गई. इसी सिलसिले में जब वो महिला के घर पहुंची तो वहां का दृश्य देखकर हैरान रह गई. बिस्तर पर महिला का सिर, हाथ और दिल निकालकर रखा गया था और बेटा अपने पालतू कुत्ते के साथ मिलकर मांस खा रहा था. इसके अलावा लाश के तमाम टुकड़े फ्रिज से बरामद किए गए.
कोर्ट पहुंचकर करने लगा ड्रामा
ये मामला साल 2019 का है. 21 फरवरी को जब अल्बर्टो को गिरफ्तार कर पुलिस अदालत ले गई तो उसने मानसिक बीमारी का हवाला देते हुए कहा कि उसे आवाजें आती थीं, जो मां की हत्या के लिए कहती थीं. मुकदमे के दौरान सबूत देने वाले अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने कुबूल किया था कि उसने अपनी मां की गला घोंटकर हत्या की है. इसके बाद सारी दलीलें खारिज हो गईं और आरोप को 15 साल 5 महीने की जेल की सज़ा सुनाई गई है. अल्बर्टो के पिता की मौत 15 साल की उम्र में हो गई थी और उसकी मां ही तब से उसे पाल रही थी.