राजस्थान: चूरू में दिनदहाड़े 4 लुटेरों ने चंद मिनटों में 17 KG सोना और 8.92 लाख रुपये लूटे, पुलिस के उड़े होश

चूरू. जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्तम मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन लिमिटेड (Manappuram Gold Loan Limited) से लुटेरे दिनदहाड़े करीब 5 करोड़ रुपये से अधिक का सोना और नौ लाख रुपये की नगदी लूटकर (Gold and cash loot) ले गये. वारदात के बाद पुलिस महकता सकते में आ गया. लेकिन लूट की इस वारदात के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुये महज तीन घंटे के भीतर लुटेरों को धरदबोचा. पुलिस ने लूट गया सोना और नगदी बरामद कर ली है.

मणप्पुरम गोल्ड लोन फाइनेंस लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर प्रहलाद सैनी ने बताया कि सोमवार को अपराह्न करीब 3 बजे दो बाइक पर सवार होकर चार युवक आये. इसमें से एक युवक फाइल लिए हुए थे. युवक ब्रांच के कर्मचारी के पास पहुंचा और सोने की अंगूठी दिखाते हुए लोन देने की बात कही. इस पर वहां मौजूद कर्मचारी अंगूठी की जांच करने लग गया. अचानक चारों युवकों ने पिस्टल निकालकर कर्मचारियों के सिर पर तान दी. इस दौरान एक बदमाश ने ब्रांच का शटर डाउन कर दिया.

पिस्टल दिखाकर सेफ खुलवाया

बदमशों ने सभी ब्रांच कर्मचारियों के फोन छीन लिए. पिस्टल की नोंक पर सेफ खुलवाकर उसमें रखा करीब 17 किलो सोना और कैश काउंटर से 8 लाख 92 हजार रुपए नकद लूट लिये. लूट करने के बाद आरोपियों ने पिस्टल दिखाते हुए कर्मचारियों को बाथरूम की तरफ जाने के लिए कहा. बाद में सभी को उसमें बंद कर दिया. कर्मचारियों ने बताया कि एक कर्मचारी ने ब्लूटूथ से फोन कर लूट की वारदात की सूचना दी.
इलाके में नाकाबंदी करवाकर आरोपियों की तलाश शुरू की

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसपी नारायण टोगस, एएसपी योगेन्द्र फौजदार, सीओ ओमप्रकाश गोदारा, सीओ सिटी ममता सारस्वत और सीओ हिमांशु शर्मा सहित कोतवाली व सदर थाने का जाब्ता मौके पर पहुंचा. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया और इलाके में नाकाबंदी करवाकर आरोपियों की तलाश शुरू की.

महज 3 घंटे में धरे गये लुटेरे चारों लुटेरे करीब 3 बजकर 12 मिनिट पर बाइक पर सवार होकर फरार हुये थे. योजनाबद्ध तरीके से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले लुटेरों ने अपनी बाइक्स को छोड़ दिया और वे एक कार में सवार होकर फरार हो रहे थे. पुलिस ने नाकाबंदी करवाने के बाद जीपीएस को ट्रेस करना शुरू किया तो आरोपियों हरियाणा की तरफ जाने की सूचना मिली. इस पर दुधवाखारा, राजगढ़ और सिद्धमुख थाना पुलिस सहित डीएसटी टीम ने आरोपियों का पीछा करना शुरू किया. इस दौरान एसपी नारायण टोगस लगातार हिसार के एसपी बलवान सिंह राणा के संपर्क में रहे.

हरियाणा में पकड़ा लुटेरों को

हरियाणा के उकलाना में पुलिस ने सूरेवाला चौक पर कड़ी नाकेबंदी कर रखी थी. वहां लुटेरों ने आगे पुलिस का नाका लगा देखा तो उन्होंने अपनी कार एक फार्म हाउस की तरफ मोड़ दिया. लेकिन वहां चारदीवारी होने के चलते लुटेरे भाग नहीं सके. पुलिस ने उन्हें कार सहित मौके से गिरफ्तार कर लिया. एसपी नारायण टोगस ने बताया कि मंगलवार को पूरे मामले का खुलासा किया जायेगा.

प्रांरभिक जांच में कंपनी की लापरवाही भी सामने आई

यहां तैनात गार्ड को करीब 6 माह पहले ही हटा दिया गया था. इतना गोल्ड और नकदी स्टाफ के केवल 4 लोगों के भरोसे था. लूटे गये सोने की कीमत पांच करोड़ 6 लाख रुपये बताई जा रही है.