नोएडा में वैक्सीन के लिए लगी वाहनों की लंबी कतार, सड़क पर लगा जाम
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच टीकाकरण के लिए लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है. नोएडा के जीआईपी मॉल में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से ड्राइविंग थ्रू वैक्सीनेशन प्रोग्राम (Driving Through Vaccination Program) चलाया जा रहा है. जिसके चलते जीआईपी मॉल (GIP Mall) के पास वैक्सीनेशन के लिए करीबन 1 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई है. इससे सडक़ जाम हो गई. लोगों का कहना है कि वह यहां वैक्सीन लगवाने के लिए आए हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण वैक्सीन की डोज के लिए काफी इंतजार करना पड़ रहा है.
कोरोना वैक्सीन के लिए लोगों में इतनी दिलचस्पी है कि वह वैक्सीन की डोज लेने के लिए घंटों तक इंतजार कर रहे हैं. नोएडा के सेक्टर 38ए स्थित जीआईपी मॉल के बाहर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. दरअसल स्वास्थ्य विभाग द्वारा यहां पर ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन प्रोग्राम चलाया जा रहा है, जिसमें लोग अपनी गाड़ी में बैठे हैं. कोरोनावायरस की वैक्सीन लगवा सकते हैं. यहां कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जा रही है. दूसरी डोज के लिए लोगों को वैक्सीन पोर्टल पर स्लॉट और डेट नहीं मिल पा रही है, जिस कारण ज्यादातर लोग ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन का स्लॉट ले रहे हैं. यही कारण है की जेपी मॉल के बाहर वैक्सीन लगवाने के लिए गाडिय़ों की करीब 1 किलोमीटर लंबी कतार लग गई है.
वैक्सीन लगवाने आए लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम वैक्सीननेशन का काम धीरे कर रही है, जिस कारण लोगों को 2 से 3 घंटे वैक्सीन लगवाने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है. लोग सुबह से ही अपनी गाडिय़ो में आकर गाडिय़ों में ही कतार में लगे हुए हैं. घंटो बीत जाने के बाद भी उनकी बारी नहीं आ पाई है. आपको बता दे कि नोएडा में टीकाकरण के लिए रोजाना हजारों लोग वैक्सीनेशन सेंटर पर आ रहे हैं. जिस कारण लंबी लाइनें लग रहीं थीं, जिसके बाद ही स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन प्रोग्राम की शुरुआत की थी.