जेएएच में ब्लैक फंगस के इंजेक्शन के नाम पर ठगी, पिता की एक आंच तक निकालनी पड़ी, परेशान बेटी से 50 हजार ठगे

ब्लड प्लाज्मा, रेमडेसिविर के बाद अब ब्लैक फंगस में लगने वाले इंजेक्शन के नाम पर ठगी की वारदात सामने आई है। खुद को जेएएच का कर्मचारी बताकर एक शातिर युवक जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे अकाउंटेंट की बेटी से 50 हजार रुपए ठग ले गया। ठग ने 2.40 लाख रुपए में 30 इंजेक्शन दिलाने का झांसा दिया। 50 हजार रुपए एडवांस लिया और गायब हो गया। इंजेक्शन न मिलने से इस बीच पेशेंट की एक आंख तक निकालनी पड़ी। मामले की शिकायत के बाद आरोपी को शनिवार रात क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला

टीकमगढ़ निवासी 55 वर्षीय रमाकांत मिश्रा आईटीआई कॉलेज में बतौर अकाउंटेंट पदस्थ है। एक धोखेबाज की शर्मनाक हरकत के कारण रमाकांत को ब्लैक फंगस से अपनी एक आंख खोनी पड़ी। अभी वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे है। रमाकांत 19 अप्रैल को कोविड संक्रमित हुए थे इसके बाद वह ठीक हो गए लेकिन अभी कुछ दिन पहले उनको ब्लैक फंगस की शिकायत हुई। फंगस बढ़ने पर बेटी रितु मिश्रा ने उन्हें 11 मई को अपोलो हॉस्टिपल में भर्ती कराया। ब्लैक फंगस से बचाव के लिए इंजेक्शन की जरूरत थी, हॉस्पीटल प्रबंधन का कहना था कि उनके पास इंजेक्शन नहीं है। बाहर से इंतजाम करना पड़ेगा यदि इंजेक्शन नहीं मिला तो फंगस को रोकने के लिए एक आंख निकालनी पड़ेगी। इस पर रितु ने इंजेक्शन के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली। इस बीच 18 मई को उसकी बहन वर्षा के मोबाइल पर चेतन नाम के एक युवक का कॉल आया। उनसे कहा कि वह जयारोग्य डायग्नोसिस विभाग में बतौर क्लर्क पदस्थ है। वह उसे इंजेक्शन दिलवा सकता है इसके लिए हॉस्पीटल के कागजात और इंजेक्शन के लिए दिया गया डिमांड लेटर लेकर माधव डिस्पेंसरी जेएएच में आ जाना। वहां पहुंचते ही उसने बोला कि 30 इंजेक्शन के 2.40 लाख रुपए लगेंगे। जिसके बाद एडवांस मांगा तो दोस्त हर्षित अग्रवाल से फोन पे के जरिए उसके खाते में 50 हजार ट्रांसफर कर दिए। पैसे पहुंचने पर चेतन बोला कि शाम को आकर इंजेक्शन ले जाना। इसके बाद न तो उसने इंजेक्शन दिलवाए और न ही खुद मिला और फोन उठाना भी बंद कर दिया इसके बाद पीडि़त युवती ने मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच में की जिस पर शनिवार की रात को दबिश देकर पुलिस ने आरोपी चेतन सविता को गिरफ्तार कर लिया और अभी उससे रुपए बरामद नहीं हुए है।

कई से कर चुका है ठगी

पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के बाद उसके बारे में जानकारी जुटाई तो पता लगा कि वह बहुत शातिर है। इससे पहले भी कई लोगों को नौकरी के नाम पर ठग चुकी है साथ ही ठगी के पैसों को वह ब्याज पर चलाता है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।