ईद पर कोरोना का साया, सरकार और मुस्लिम संगठनों की अपील- घर पर अदा करें नमाज

दारूल उलूम देवबंद (Darul Uloom Deoband) ने एक जगह पर इकट्ठे होने के बजाय अलग-अलग स्थानों पर नमाज पढ़ने की सलाह दी है. इसके अलावा कहा गया है कि मस्जिद में इमाम के साथ 3-4 लोग नमाज पढ़ सकते हैं.

कोरोना वायरस (Coronavirus) महामारी के बीच शुक्रवार को देशभर में ईद का त्यौहार मनाया जा रहा है. गंभीर हालात को देखते हुए कई मुस्लिम संगठनों, मस्जिद समितियों और राज्य सरकारों ने गाइडलाइंस जारी की हैं. इस दौरान मुस्लिम संगठनों की तरफ से धर्मावलंबियों को घर में ही नमाज अदा करने की सलाह दी गई है. साथ ही मास्क (Mask) और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे कोविड नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है.

दारूल उलूम देवबंद ने एक जगह पर इकट्ठे होने के बजाय अलग-अलग स्थानों पर नमाज पढ़ने की सलाह दी है. इसके अलावा कहा गया है कि मस्जिद में इमाम के साथ 3-4 लोग नमाज पढ़ सकते हैं. ऑल इंडिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने दुकानों और नमाज के दौरान भीड़ नहीं लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए कहा है. वहीं, दिल्ली के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने भी समुदाय से घर पर ही नमाज अदा करने की अपील की है.