ऑक्सीजन पहुंचने में हुई चंद मिनटों की देरी और चली गई 11 मरीजों की जान
आंध्र प्रदेश के तिरुपति (Tirupati) में ऑक्सीजन मिलने में देरी होने के चलते कम से कम 11 मरीजों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि गैस टैंकर (Oxygen Crisis) के पहुंचने में कुछ मिनटों की देरी हो गई थी, जिसकी वजह से श्री वेंकटेश्वर रामनारायण रुइया सरकारी अस्पताल में सोमवार को ये घटनाएं हुई. इससे पहले राज्य के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी (YS Jagan Mohan Reddy) ने कोविड की स्थिति को देखते हुए एक समीक्षा बैठक बुलाई थी.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जिला कलेक्टर एम हरि नारायण ने जानकारी दी कि ऑक्सीजन सपोर्ट उपचार करा रहे 11 मरीजों की मौत हो गई है. उन्होंने बताया कि तिरुपति, चित्तूर, नेल्लोर और कड़ापा के अस्पताल में करीब एक हजार कोविड मरीजों का इलाज कराया जा रहा है. आंध्र प्रदेश में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 13 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने जानकारी दी है कि 8:30 बजे के बाद ऑक्सीजन प्रेशर गिरना शुरू हो गया था. इससे पहले ही सप्लाई दोबारा शुरू हो सकती, कुछ ही मिनटों बाद मरीजों की मौत हो गई. इससे नाराज परिजन कोविड ICU में घुस आए. इस दौरान उन्होंने कई टेबल पलट दी और उपकरणों को नुकसान पहुंचाया है. अधिकारियों ने कहा कि ICU में मौजूद नर्स और डॉक्टर अपनी सुरक्षा के लिए तुरंत वहां से भागे और पुलिस के आने पर ही वापस लौटे.