घर की सीढ़ियों पर मालिकाना हक को लेकर भिड़े चाचा-भतीजे, पथराव, 6 घायल

सोमवार शाम एक घर में सीढ़ियों का विवाद थाने पहुंच गया। घर की सीढ़ियों पर मालिकाना हक को लेकर चाचा-भतीजे आपस में भिड़ गए। कुछ ही देर में दोनों तरफ से तलवारें निकल आईं। एक-दूसरे पर पथराव किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। झगड़े में 6 लोग घायल हो गए। घटना सिटी सेंटर में अलकापुरी की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के 5 से 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अलकापुरी निवासी रामसेवक सिंह गुर्जर और उनके भतीजे रविन्द्र गुर्जर के बीच मकान की सीढ़ियों पर मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार शाम इसी एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। पहले कहासुनी होती रही। कुछ देर बाद दोनों तरफ से घर के दूसरे लोग झगड़े में शामिल हो गए। दोनों पक्षों से तलवारें निकल आईं। दोनों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर लोग भाग गए। पुलिस ने फोर्स की मदद से स्थिति को नियंत्रण में लिया।

ये हुए घायल

दोनों तरफ से दलवीर सिंह, रविन्द्र सिंह, राजेन्द्र सिंह, कल्याण सिंह, रामसेवक सिंह, सचिन, रामू, विवेक सिंह घायल हो गए। पुलिस ने राजेन्द्र व रविन्द्र की शिकायत पर क्रॉस मामला दर्ज कर लिया है।

महिलाएं भी विवाद में हुई शामिल

विवाद में स्थिति उस समय बिगड़ गई, जब दोनों तरफ की महिलाएं विवाद में शामिल हो गईं। महिलाओं ने छतों से पथराव कर दिया। इसी कारण दोनों ओर के लोग घायल हो गए।