नकली घी फैक्टरी संचालक ग्वालियर में गिरफ्तार:जबलपुर में एंटी माफिया सेल ने मिलावटखोर का तोड़ा था मकान व गोदाम, 27 दिन से चल रहा था फरार

जिले की माढ़ोताल पुलिस ने ग्वालियर से मिलावटखोर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 27 दिन से फरार था। एसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर सात हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। बुधवार को ही जिले की एंटी माफिया सेल ने चार हजार वर्गफीट में एक करोड़ की लागत निर्मित मकान व गोदाम जमींदोज कर दिया था।

कसौंधन नगर माढ़ोताल में 22 जनवरी को पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने विजय कुकरेजा की विजय इंडस्ट्रीज पर छापा मारा था। वहां डालडा, एसेंस मिलाकर घी तैयार किया जाता था। उसे ब्रांडेड कंपनियों विजय भोग घी, देशी घी, सरल घी, कान्हा घी, देहाती घी के पैकेटों में भरकर बाजार में बेचा जाता था। मामले में पुलिस ने आरोपी विजय कुकरेजा के खिलाफ अपराध क्र. 49/21 धारा 417, 420, 270, 272 भादवि का प्रकरण दर्ज किया था।

FIR के बाद हो गया था फरार

गढ़ा सीएसपी तुषार सिंह के मुताबिक आरोपी एफआईआर दर्ज होने के बाद फरार हो गया था। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने सात हजार का इनाम घोषित किया था। एंटी माफिया सेल ने 17 फरवरी को कसौंधन नगर पहुंच कर आरोपी विजय कुकरेजा के 4000 वर्गफीट में एक करोड़ की लागत से निर्मित मकान व गोदाम को जमींदोज कर दिया था।

साइबर सेल की टीम ने खोज निकाला आरोपी का लोकेशन

मकान व गोदाम तोड़े जाने की खबर आरोपी को लग गई थी। वह बेचैन हो गया था। वह लगातार परिवार के लाेगों से बातचीत कर रहा था। पुलिस की साइबर सेल भी इसी ताक में थी। आरोपी का लोकेशन ग्वालियर में मिला। इसके बाद माढ़ोताल थाने की एक टीम ग्वालियर पहुंची। वहां आरोपी अपने दोस्त के घर छिपा हुआ था। स्थानीय पुलिस की मदद से माढ़ोताल पुलिस ने आरोपी विजय कुकरेजा को दबोच लिया। आरोपी को पुलिस जबलपुर ला रही है।