पथरी का ऑपरेशन कराने गई थी पत्नी, 2 लाख रुपए के गहने लेकर गायब हो गया पति
पत्नी पथरी का ऑपरेशन कराने के लिए हॉस्पिटल में थी। इधर पति ने घर की अलमारी में रखे 2 लाख रुपए से ज्यादा के गहने पार किए और भाग गया। वैसे तो घटना 21 दिसंबर की है, लेकिन महिला ने गुरुवार रात महाराजपुरा थाना में मामले की शिकायत की है। इतने दिनों से आरोपी गहने लौटाने का विश्वास दिला रहा था, पति जब मुकर गया तो महिला थाने पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद दहेज प्रताड़ना, धोखाधड़ी की FIR कर ली है।
महाराजपुरा के शीतल नगर शताब्दीपुरम निवासी 38 वर्षीय मधु जादौन की शादी भिंड के सायना गांव निवानी पवन सिंह जादौन के साथ 1998 में हुई थी। कुछ सालों तक दोनों बड़े ही आराम से रहे, लेकिन उसके बाद झगड़े शुरू हो गए। वर्ष 2004 से मधु अपने मायके में आकर शताब्दीपुरम में रहने लगीं। उनके दो बेटे व एक बेटी है। पति का अक्सर आना जाना रहता था। लॉकडाउन से पहले पवन ने मधु से सुलह की और यहीं उसके साथ रहने लगा। मधु को लगा कि एक बार फिर उसकी जिंदगी पटरी पर आ गई है। अब पति उसकी केयर करने लगा था। महिला भी उस पर विश्वास करने लगी थी।
विश्वास में दे गई चाबियां, ले गया गहने
महिला ने बताया कि 21 दिसंबर को वह अपनी पथरी का ऑपरेशन कराने के लिए हॉस्पिटल गई थी। घर पर बच्चे थे इसलिए घर की चाबी और अलमारी की चाबियां पति को दे गई थीं। जब वह लौट कर आई तो देखा कि पति घर नहीं है। इसके बाद अंदर अलमारी खोली तो लॉकर खुला पड़ा हुआ था। उसमें रखे मधु के गहने नहीं थे। बच्चों ने बताया कि पापा ने अलमारी खोली थी। पता किया तो पवन अपने घर भिंड पहुंच गया था। पहले तो गहने लौटाने की कहता रहा, लेकिन जब वह देने से मुकर गया तो मधु को पुलिस के पास जाना पड़ा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।