जेल से छूटे दरिंदे ने 5 साल की मासूम से किया दुष्कर्म; घर से 200 मीटर दूर खेत में मिला शव
मुरैना जिले के सबलगढ़ में एक 32 वर्षीय युवक ने पड़ोस में रहने वाली 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म किया। दो घंटे की तलाश के बाद परिजनों को बच्ची घर से 200 मीटर दूर सरसों के खेत में लहूलुहान हालत में मिली। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बंटी रजक को गिरफ्तार कर लिया है। वह बच्ची की ताई से दुष्कर्म करने के मामले में 20 दिन पहले ही जमानत पर छूटा था।
पीड़िता की बहन ने पुलिस को बताया कि आरोपी बंटी बच्ची को टॉपी दिलाने का लालच देकर दुकान की तरफ ले गया था। यहां से वह उसे खेत ले गया। जब बच्ची दो घंटे तक नहीं लौटी तो दादा-दादी ने पोती की तलाश की। बाद में बच्ची का शव खेत में मिला। सूचना पर पहुंची सबलगढ़ पुलिस ने बहन की शिकायत पर बंटी को हिरासत में ले लिया। टीआई नरेंद्र शर्मा ने बताया कि बच्ची के चेहरे पर कई निशान मिले हैं। बच्ची के माता-पिता काम-धंधे के सिलसिले में जयपुर में रहते हैं। 2 बच्चियां अपने दादी-बाबा के घर रह रही थीं।
रीवा : 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म
रीवा | नईगढ़ी क्षेत्र में चार साल बच्ची से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस ने आरोपी संदीप पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। बालिका को जिला चिकित्सालय रीवा में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि आरोपी युवक गुरुवार शाम 5 बजे बालिका को छत ले गया, जहां उसने घटना को अंजाम दिया। बालिका की हालत स्थिर बताई गई है।