फ्लाइट टिकट बुक करते समय आई फिशिंग लिंक, क्लिक किया तो निकल गए 1 लाख

दिल्ली से मुंबई के लिए फ्लाइट की टिकट बुक कर रहे ग्वालियर के एक इंजीनियर के साथ फिशिंग अटैक के जरिए एक लाख रुपए की ठगी कर ली गई। इंजीनियर ने सायबर सेल में घटना की शिकायत की है। दरअसल, शब्दप्रताप आश्रम के पास रहने वाले निशांत भदौरिया पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर हैं।

उनकी पत्नी मुंबई में रहती हैं। उन्हें फरवरी में मुंबई जाना है और इसके लिए उन्हें दिल्ली से फ्लाइट बुक करनी थी। उन्होंने गूगल सर्च कर बुकिंग की प्रक्रिया शुरू की। अचानक उनके मोबाइल पर एक लिंक आई। इसमें फ्लाइट बुकिंग पर एक हजार रुपए के कैशबैक की जानकारी थी।

उन्होंने लिंक पर क्लिक किया ताे एप डाउनलोड होना शुरू हो गया। वह समझ नहीं पाए। एप डाउनलोड होने के बाद उन्हाेंने बैंक खाता और अन्य जानकारी भर दी। जैसे ही जानकारी भरी तभी उनके पिता के मोबाइल पर एक लाख रुपए खाते से निकलने का मैसेज आया। तब उन्हें ठगी का पता लगा। उन्होंने गुरुवार को सायबर सेल में शिकायत की।

एप डाउनलोड कराकर ठगे 40 हजार रुपए

दीनदयाल नगर के रहने वाले राजेश कुमार बीमा कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने अपनी बाइक बेचने के लिए एक एप पर पोस्ट किया था। एक युवक ने उन्हें कॉल किया और बाइक खरीदने की इच्छा जताई। युवक ने कहा कि वह ऑनलाइन भुगतान कर रहा है। इसके लिए उसने एक लिंक भेजी। लिंक भेजते ही एप डाउनलोड हुआ और उनके खाते से चार बार में 40 हजार रुपए निकल गए।