सिर्फ 11 मिनट में 2 लाख का सामान पार:MP नगर में बुटीक के ताले चटकाकर चोर लेपटॉप, दुल्हन के लहंगे, 7 जोड़ी जूतियां भी ले गए

एक बुटीक के ताले चटकाकर चोर गिरोह सिर्फ 11 मिनट में 2 लाख रुपए का सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने सबसे पहले ताले चटकाए और अंदर पहुंचे। एक एप्पल का लेपटॉप, दुल्हन के तीन जोड़ी लहंगे, 7 जोड़ी जूतियों सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। जाते-जाते वह डीवीआर भी तोड़ कर ले गए हैं। बदमाश नहीं जानते थे कि एक अन्य डीवीआर भी लगी है और वह पूरी तरह रिकॉर्ड हो गए हैं। वारदात रात 2.32 बजे की है। पुलिस ने मंगलवार दोपहर चोरी का मामला दर्ज किया है।

झांसी रोड थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप नगर में ललितपुर कॉलोनी निवासी मुदित अरोरा पुत्र राकेश अरोरा की शिनोर बुटीक के नाम से शॉप है। मंगलवार सुबह 11 बजे जब वह अपने बुटीक पहुंचे तो देखा कि ताला टूटा पड़ा हुआ है। इसके बाद अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा हुआ था और काफी सामान चोरी जा चुका था। डीवीआर भी टूटी पड़ी थी। तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी। झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। बुटीक संचालक के अनुसार चोर उनके बुटीक से एप्पल कंपनी का लेपटॉप, दुल्हन के तीन लहंगे, सात जोड़ी जूतियां सहित अन्य सामान पार ले गए हैं।

चोरों पर भारी पड़ी बुटीक संचालक की समझदारी

चोर बेहद शातिर थे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे के सामने बेखौफ चोरी की। 2.32 बजे अंदर आए और वारदात को अंजाम देकर 2.43 पर बाहर निकल गए। उससे पहले उन्होंने डीवीआर को तोड़ा और उसे अपने साथ ले गए। उनको लगा कि वह अकेले ही समझदार हैं पर उनकी चालाकी पर बुटीक संचालक की समझदारी भारी पड़ गई। उन्होंने एक अन्य डीवीआर से सीसीटीवी कैमरे कनेक्ट कर रखे थे। सुबह उसी डीवीआर से फुटेज मिले हैं। फुटेज में तीन संदेही दिख रहे हैं। सभी की उम्र 25 से 30 साल के बीच होगी। सभी के मुंह पर कपड़ा बांधे हुए हैं।