दोहरे हत्याकांड के आरोपितों के पिता को सोते समय मारी गोली, 8 लोगों पर FIR

मुरैना जिले के अंबाह थाना क्षेत्र के कुथियाना गांव में हत्या के बदले हत्या का मामला सामने आया है। दो महीने पहले जमीनी विवाद के चलते गांव के 11 आरोपितों ने मिलकर एक पक्ष के दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के आरोपी जेल में थे इसलिए दूसरे पक्ष ने बदला लेने के लिए हत्या में शामिल दो भाईयों के पिता को रविवार रात 11.30 बजे सोते समय गोली मार दी। गोली घर की खिड़की से मारी गई। पुलिस ने मामले में आरोपितों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।

अंबाह थाने में सोमवार सुबह दर्ज करवाई गई FIR में फरियादी दीवान सिंह तोमर ने बताया कि उसका 44 वर्षीय भाई दरोगा सिंह घर में सो रहा था। इसी दौरान आरोपित रक्षषपाल सिंह, प्रेमसिंह, रमाकांत तोमर, विजय पाल तोमर, रघुराज तोमर, वीरपाल तोमर, छोटा तोमर, रामपाल तोमर बंदूक व तमंचों से फायर करने लगे। इससे दरोगा की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में सभी 8 आरोपितों पर हत्या का मामला दर्ज किया है। टीआई योगेंद्र सिंह जादौन के मुताबिक दरोगा सिंह के पेट में दो गोलियां लगी थी, जिससे उसकी मौत हुई है।

इस घटना का लिया गया बदला

टीआई अंबाह योगेंद्र जादौन का कहना है कि 29 अगस्त को कुथियाना गांव में एक खेत से रास्ता निकालने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दरोगा सिंह के दो बेटे छोटू सिंह, शैलेंद्र सिंह सहित कुल 11 लोगों ने फायरिंग की थी, जिसमें दूसरे पक्ष के दो लोगों की जान चली गई थी। इस मामले में सभी 11 लोगों पर हत्या का प्रकरण बना और दरोगा सिंह के दोनों आरोपित बेटों सहित 8 लोगों को जेल भेज दिया गया। जबकि तीन लोग फरार चल रहे हैं। टीआई के मुताबिक इसी घटना का बदला लेने के लिए जेल में बंद हत्या के आरोपित छोटू व शैलेंद्र के पिता दरोगा सिंह की रविवार रात को हत्या की गई है। हत्या के मामले में 8 नामजद लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।