दो साल पहले तक पूर्व सांसद के घर रहा, परिजन का विश्वास जीता, फिर की चोरी, 14.13 लाख नकदी- जेवर मिले

15 दिन पहले पूर्व सांसद रामसेवक बाबू के घर हुई लाखों की चोरी का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। चोरी का मास्टर माइंड दो साल पहले तक पूर्व सांसद के घर पर नौकरी करता था और वहीं रहता था। उसका दूसरा साथी भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके ताऊ पूर्व सांसद के यहां कर्मचारी हैं। दोनों को घर और पैसे की पूरी जानकारी थी। अभी पुलिस ने इनसे 14.13 लाख रुपए नकद और चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। शेष नकदी और सोने के जेवरा कहां छिपाए हैं, इसके बारे में पता लगाया जा रहा है।
ये थी घटना
झांसी रोड पर माधव नगर में कांग्रेस से पूर्व सांसद रामसेवक सिंह बाबू का घर है। यहां उनका बेटा धरमवीर रहता है। 15-16 नवंबर दरमियानी रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशा अलमारी की चाबी मिलाकर लाखों रुपए का सोना और नकद चोरी कर ले गए थे। पूर्व सांसद ने नकदी का आंकलन 30 लाख रुपए बताया था। साथ ही, 10 से 15 लाख रुपए के जेवरात बताए थे।
बस स्टैंड से पकड़े
पुलिस ने पहले एक युवक को संदेह के आधार नाका चन्द्रवदनी बस स्टैंड से पकड़ा। जब उसे थाना लाकर पूछताछ की गई, तो उसने वारदात कुबूल कर दूसरे साथी की पहचान कराई। उसे पुलिस घर से पकड़ लाई। दोनों से पूछताछ के बाद 14.13 लाख रुपए और चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि चोरी का मास्टर माइंड ग्वालियर निवासी एक युवक 2 साल पहले तक इसी मकान में नौकरी करता था। पूर्व सांसद का परिवार उस पर इतना विश्वास करता था कि उसे वहीं रहने के लिए जगह भी दी थी, तभी उसे घर की हर स्थिति की जानकारी थी। इसके अलावा दूसरा आरोपी भी उनके घर से जुड़ा है। उसके ताऊ पूर्व सांसद के घर काम करते हैं।