एनएच-3 पर किसानों को रोका, हंगामा, धौलपुर से ग्वालियर तक हाइवे जाम

किसान आंदोलन में शामिल होने दिल्ली गए ग्वालियर, भिंड, मुरैना के 500 से अधिक किसानों को नेशनल हाइवे-3 पर सैंया के पास यूपी पुलिस ने रोक लिया है। किसान हाइवे पर बैठे हंगामा कर रहे हैं। इस कारण धौलपुर से लेकर ग्वालियर तक हाइवे पर जाम लग गया है। शुक्रवार दोपहर स्थिति और बिगड़ गई है। हजारों वाहन इस जाम में फंसे हुए हैं। किसान आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अखिलेश सिंह का कहना है कि किसानों को रोककर सरकार क्या साबित करना चाहती है। इस पर मुरैना, ग्वालियर एसपी ने अपने-अपने क्षेत्र में निरीक्षण कर तत्काल जाम को खुलवाने के निर्देश दिए हैं।

यह है मामला

केन्द्र सरकार के कृषि कानून के विरोध में 26 और 27 नवंबर को दिल्ली में किसान आंदोलन की घोषणा की गई थी। इस आंदोलन में देश के अन्य राज्यों से भी किसान पहुंच रहे हैं। आंदोलन में शामिल होने मध्य प्रदेश किसान संघ के प्रदेश पदाधिकारी अखिलेश सिंह यादव के साथ् करीब 20 से 25 वाहनों में ग्वालियर, भिंड और मुरैना से किसान दिल्ली के लिए 25 नवंबर रात 2 बजे रवाना हुए थे। 26 नवंबर की सुबह 8 बजे धौलपुर के बाद नेशनल हाइवे -3 पर सैंया टोल के पास यूपी पुलिस ने किसानों के दल को रोक लिया। उन्हें आगे जाने ही नहीं दिया गया। जिस पर किसानों ने वहीं प्रदर्शन शुरू कर दिया। शुक्रवार सुबह किसानों ने फिर निकलने का प्रयास किया। जब नहीं निकलने दिया गया तो किसानों ने हाइवे ही घेर लिया जिससे कुछ ही समय में हाइवे पर धौलपुर से ग्वालियर तक जाम लग गया।

सुबह से फंसे हैं लोग

ग्वालियर निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी प्रदीप कुमार धौलपुर के लिए शुक्रवार सुबह 9 बजे निकले थे, लेकिन दोपहर 1 बजे तक वह मुरैना के पास जाम में फंसे हुए हैं। भास्कर को उन्होंने बताया कि की जिस तरह का जाम लगा है उससे लगता नहीं है कि घंटों खुल सकेगा।

शाम 5 बजे तक बार सुधरेंगे हालात

दो दिवसीय किसान आंदोलन शुक्रवार शाम 5 बजे तक चलना है। पांच बजते ही आंदोलन बंद होगा और किसान रास्ते से हटेंगे। इसके बाद ही हाइवे पर हालात सामान्य होते-होते रात हो जाएगी।