ग्वालियर में पति ने अपनी पत्नी पर खौलता पानी डाला, हालत गंभीर

ग्वालियर. एक युवक ने सो रही अपनी पत्नी पर खौलता पानी डाल दिया, खौलता पानी गिरने से महिला झुलस गई। वहीं आसपास के लोगों ने बचाकर उसे अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी हालत गंभीर है। यह घटना सोमवार सुबह थाटीपुर सुरेश नगर सरकारी मल्टी की है।

जानकारी के अनुसार झुलसी महिला का पति मजदूर है और वह कई दिन से काम नहीं मिलने से परेशान था और उसकी बेरोजगारी को लेकर बीते 7 दिन से घर में पत्नी से झगड़ा हो रहा था। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपित पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से उनके तीन बच्चे दहशत में है।

क्या है पूरा मामला

थाटीपुर थाना क्षेत्र के सुरेश नगर स्थित सरकारी मल्टी निवासी 35 वर्षीय सीमा घरों में झाडू पोंछा का काम करती है उसका पति बांकेलाल भी मजदूरी करता थ। कुछ दिनों से बांकेलाल मजदूरी नहीं मिल रही जिस कारण उसने काम की तलाश करना ही बंद कर दी और घर में पड़ा रहता है। इसी बात पर सीमा और उसके पति के बीच में रोज विवाद हो रहा था। सोमवार सुबह करीब 5 बजे बांकेलाल ने पानी गर्म किया और सो रही सीमा पर डाल दिया। गर्म पानी से झुलसी सीमा ने शोर मचाया। शोर सुनकर पास सो रहे बच्चे जाग गए, उसी मल्टी में ऊपर की मंजिल पर सीमा की बहन भी रहती है। वह और अन्य पड़ोसी आए और सीमा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं घटन की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल महिला के पति के खिलाफ हत्या के इरादे से गर्म पानी फेंकने पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है, आरोपित भाग गया।