महाराजपुरा में गृहक्लेश में पत्नी की हत्या कर पति ने फांसी लगाई

ग्वालियर. गृहक्लेश के चलते पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी इसके बाद खुद भी फांसी लगा ली। दोनों की मौत पर पुलिस को सुसाइड नोट तो नहीं मिला है जबकि परिजनों का कहना है कि दोनों में आये दिन विवाद होता था। महाराजपुरा थाना पुलिस के अनुसार डीडी नगर के पास हरदौल नगर बना हुआ है। यहां भिंड के रहने वाला जितेन्द्र रजक (35) अपनी पत्नी मानवी (32) के साथ हरदौल नगर में आकर किराए से रहने लगा था। यहां जितेन्द्र कपड़ों पर प्रेस करने की छोटी सी दुकान चलाता था और उसकी पत्नी घर-घर जाकर कपड़े धोने का काम करती थी।

पति-पत्नी के बीच आए दिन कलह होती थी

दोनों की दो बेटिया भी है जो 8 और 6 साल की है। दोनों के बीच आए दिन कलह होती थी। जितेन्द्र का भाई भी कुछ समय से उनके पास आकर रहने लगा था, बीती रात को पूरे परिवार ने साथ में बैठक खाना खाया। इसके बाद जितेन्द्र और मानवी अपने कमरे में अलग सोने के लिये चले गए। उनके कमरे का दरवाजा खराब होने से कुंडी लगती नहीं है। सुबह जब बड़ी देर तक दोनों कमरे से नहीं निकले तो भाई ने दरवाजा कोलकर देखा तो वह सन्न रह गया। जितेन्द्र की लाश पंखे से फांसी के फंदे पर लटक रही थी। वहीं मानवी की लाश बिस्तर पर पड़ी हुई थी। पुलिस को घटना की जानकारी लगी तो मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. अखिलेश भार्गव के साथ पहुंची।

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला

पड़ताल में पाया गया कि मानवी की गला दबाकर हत्या की गई है। उसके गले व चेहरे पर हल्के खून व खरोंच के निशान भी है। इससे साफ हो रहा है कि उसने हत्यारे के साथ पहले संघर्ष भी किया है। इसके बाद जितेन्द्र ने पंखे पर फंदा बनाकर फांसी लगा ली है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस को पूरा संदेह है कि जितेन्द्र ने मानवी की हत्या की फिर खुद फांसी पर झूल गया। परिजनों का कहना है कि दोनों में आये दिन विवाद होता था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये डैड हाउस भेज दिया है।