कलेक्टर व एस.पी ने शहर भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया

महिमा न्यूज़,ग्वालियर। स्वच्छता अभियान के तहत कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन ने नगर निगम आयुक्त श्री संदीप माकिन के साथ नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए जाने हेतु किए जा रहे सफाई कार्य का रविवार को प्रात: भ्रमण कर जायजा लिया। भ्रमण के दौरान गंदगी पाए जाने पर नगर निगम के अमले को तत्काल सफाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने नागरिकों को सफाई कार्य में नगर निगम अमले को सहयोग देने को भी कहा। भ्रमण के दौरान स्मार्ट सिटी के सीईओ महिप तेजस्वी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे। 

कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी ने नगर के भ्रमण के दौरान गुढ़ी-गुढ़ा नाका क्षेत्र में सांई कॉलोनी में साफ-सफाई कार्य का

अवलोकन कर कॉलोनी में स्थित मंगल भवन परिसर में फैली गंदगी को तत्काल हटाने के नगर निगम अमले को निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान आयुक्त नगर निगम को मंगल भवन की बाउण्ड्रीवॉल बनाए जाने और मंगल भवन की मरम्मत एवं पुताई कर उसे पुन: स्वरूप में लाने के निर्देश दिए। जिससे स्थानीय नागरिक मांगलिक कार्यों में उसका उपयोग कर सकें। श्री चौधरी ने कॉलोनीवासियों से साफ-सफाई पर चर्चा करते हुए सफाई कार्य में नगर निगम के अमले को भी सहयोग करने को कहा।
कलेक्टर ने इस दौरान कहा कि साफ-सफाई के कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई करने के नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान जोनल अधिकारी अनुपस्थित रहने पर आयुक्त नगर निगम ने कहा कि निलंबन की कार्रवाई की जायेगी। कलेक्टर ने नगर के भ्रमण के दौरान सड़कों के किनारे संग्रहित रेत, गिट्टी एवं भवन सामग्री को तत्काल हटाने के भवन स्वामियों को निर्देश देते हुए कहा कि सामग्री न हटाने पर निगम का अमला जब्ती की कार्रवाई करे। उन्होंने सड़क किनारे कण्डे बनाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कण्डे बनाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Mahima News Live 24x7


Mahima News Media Group


Mahima Express Media Group