हाइड्रा और बाइक के बीच हुई टक्कर में जेठ और बहू की मौत, आक्रोशित भीड़ ने हाइड्रा, ट्रॉलो और डम्पर को किया आग के हवाले

ग्वालियर सिटी से 25 किमी दूर बिजौली के श्यावरी गांव के पास एक निर्माणाधीन सड़क हाइड्रा (मशीन ट्रक) से बाइक टकराने की वजह से दुर्घटना घटी। हादसा मंगलवार की शाम उस वक्त हुआ, जब बाइक तेज रफ्तार में आ रही थी। उस समय हाइड्रा के चालक उसे बैक कर रहा था। तभी बाइक हाइड्रा से टकरा गयी। टकराने के बाद बाइक पर सवार जेठ की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि उसकी बहू (मृतक के छोटे भाई की पत्नी) गंभीर रूप से घायल हो गयी थी। उपचार के दौरान मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि में उसकी भी मौत हो गयी। सड़क दुर्घटना के बाद भड़के परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर जमकर हंगामा किया। गुस्साये, लोगों ने निर्माण कार्य में लगे हाइड्रा, डम्पर और ट्रॉला को आग हवाले कर दिया।


आक्रोशित ग्रामीणों ने 3 वाहन किये आग के हवाले, 2 घंटे तक चक्काजाम किया
सड़क दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने घटनास्थल पर खड़े निर्माण कंपनी के हाइड्रा, डम्पर और ट्रॉले का आग के हवाले कर दिया। तीनों वाहन धू-धू कर जल उठे। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने गणेशपुरा -अमायन मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लम्बी लाइनें लग गयी। घटना की खबर मिलने पर बेहट सर्किल के एसडीओपी और तहसीलदार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को उचित मुआवजे और दोषी निर्माण कम्पनी पर कड़ी कार्यवाही का भरोसा दिया, लगभग 2 घंटे के बाद जाम खुलवाया जा सका।
एसडीओपी बेहट मनीष यादव ने बताया कि निर्माणाधीन सड़क पर हादसे से बाइक सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हुई। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों से समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया गयाग।मामले में मर्ग कायम कर निर्माण कंपनी के जिम्मेदारों से पूछताछ व जांच की जा रही है।
गिट्टी फैला रही मशीन ने बैक करते समय बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, सातलपुर निवासी बिजेंद्र जाटव अपने छोटे भाई की बहू चमेली के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। श्यावरी गांव के पास सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान गिट्टी फैला रही हाइड्रा मशीन अचानक बैक होने लगी और बिजेंद्र की बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पीछे बैठी चमेली उछलकर दूर जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बिजौली थाना पुलिस ने घायल महिला को तुरंत बिरला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने निर्माण कंपनी पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। न तो कोई डायवर्जन/चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही यातायात को नियंत्रित करने के लिए कोई कर्मचारी तैनात था, जिसके कारण यह भयानक हादसा हुआ।