इंदौर बन रहा है मध्यभारत की टेक केपिटल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इंदौर शहर प्रदेश की आर्थिक राजधानी के साथ अब मध्यभारत की टेक केपिटल बनने की ओर अग्रसर है। इंदौर के पास पैशन, प्रोफेशन और पोटेंशियल की विशेषताओं की अद्भुत त्रिवेणी है। इंदौर का अर्थ इनोवेशन, न्यू एज स्किल्स, डिजिटल ट्रांसफार्मेशन अपॉर्च्युनिटीज, रिलायबल और एंटरप्रेन्योरशिप हो गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मुख्यमंत्री निवाससे इन्फोसिस प्रतिष्ठान द्वारा इंदौर में विकसित नए परिसर का वर्चुअली लोकार्पण कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर, हर दौर में जरूरत के अनुसार नवाचार अवश्य करता है। इंदौर में विश्व स्तरीय अधोसंरचना के साथ दक्ष वर्कफोर्स उपलब्ध है। यह शहर टेस्ट से लेकर टेक्नोलॉजी का ब्रांड एम्बेसडर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान इंदौर को कौशल, आधुनिक तकनीक और ज्ञान की नई सौगात मिल रही है। अग्रणी आईटी कंपनी इन्फोसिस कंपनी के न्यू स्टेट-ऑफ-द- आर्ट सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक का शुभारंभ एक विशेष उपलब्धि है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत का आज स्वर्णिम समय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सक्षम नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह भारत का स्वर्णिम समय है। अमेरिका जैसे देश भारत की निर्वाचन संस्था को आदर्श मानते हैं। वैश्विक उथल-पुथल के दौर में भारत प्रशिक्षित युवाओं की फौज के साथ दुनिया का युवा देश बना है। पर्यावरण रक्षा और नई तकनीक को अपनाने के कार्यों के साथ सेमीकंडक्टर मिशन, एआई मिशन और राष्ट्रीय ब्रॉडबैंड जैसे अनेक नए मिशन भारत की प्रतिष्ठा में वृद्धि का माध्यम बने हैं। युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिला है।