बड़े तालाब में तिरंगा नौका यात्रा निकालकर प्रदेश ने रचा नया कीर्तिमान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में दुनिया का सबसे युवा देश भारत अपने सामर्थ्य से विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है। बोट क्लब भोपाल पर आयोजित विशाल नौका तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति और एकता को और अधिक सुदृढ़ करते हुए युवाओं को नई ऊर्जा दे रही है। जल की लहरों पर तिरंगा यात्रा का यह दृश्य अद्भुत और रोमांचकारी अहसास करा रहा है। प्रदेश ने जल में तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति की भावना को नया आयाम दिया है। यह गौरवपूर्ण दृश्य पूरी दुनिया देख रही है कि जल में तिरंगा यात्रा निकालकर मध्यप्रदेश एक नया कीर्तिमान रच रहा है। “तिरंगा यात्रा” में जनमानस का उत्साह अभिनंदनीय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने "हर घर तिरंगा" अभियान के अंतर्गत आज भोपाल के बोट क्लब में आयोजित "विशाल नौका तिरंगा यात्रा" में सहभागिता की तथा केनो सलालम शो देखा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए खिलाड़ियों और उपस्थित नागरिकों का उत्साहवर्धन किया।

वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ियों ने तिरंगे के साथ किया कौशल का प्रदर्शन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा थाम कर तिरंगा नौका यात्रा का नेतृत्व किया। देशभक्ति गीतों के बीच उन्होंने तिरंगे के रंगों के गुब्बारे आसमान में छोड़े। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बोट क्लब पर उपस्थित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बड़े तालाब की लहरों पर अठखेलियां करती बत्तखों और मछलियों को दाना भी खिलाया। इस अवसर पर कयाकिंग-केनोइंग के माध्यम से वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ियों ने तिरंगे के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेल विभाग द्वारा परिकल्पित यह अनूठी पहल अद्वितीय है। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, महापौर भोपाल श्रीमती मालती राय, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, श्री रविंद्र यती विशेष रूप से उपस्थित थे।