प्रदेश में मोरों के संरक्षण और पुनर्वास की नयी परियोजना शुरू होगी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में मोरों के संरक्षण और पुनर्वास की नयी परियोजना शुरू की जायेगी। बड़नगर में कवि प्रदीप सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बड़नगर में फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय किसानों एवं युवाओं को रोजगार के नये अवसर मिलेंगे। भाट पचलाना और इंगोरिया में नये सांदीपनि विद्यालय खोले जाएंगे। उज्जैन और आगर में आलू प्रसंस्करण की नई यूनिट प्रारंभ हो रही है, जो प्रदेश के 35 जिलों के किसानों से आलू खरीदेगी, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ की तैयारी के लिये 25 हजार करोड़ के विभिन्न विकास कार्य प्रगतिरत हैं। मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा योजना पुनः प्रारंभ की गई है, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवागमन सुगम हुआ है। दुग्ध सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किये जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने एशिया से विलुप्त हो चुके चीतों को पुनः प्रदेश में स्थापित करने का कार्य किया है। सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीरो को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है तथा आवश्यकता पर एयर एम्बुलेंस एवं हेली सेवा के माध्यम से निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जायेगा। प्रदेश से नक्सलवाद समाप्त हो गया है, मध्यप्रदेश लाल सलाम को आखिरी सलाम करने वाला प्रदेश बन गया है। बड़नगर में गीता भवन का निर्माण भी होगा।