निवाड़ी में विकास का नया अध्याय आरंभ हो रहा है: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब, युवा, नारी और किसानों के कल्याण के लिए पूर्ण समर्पण से कार्य कर रही है। सबका कल्याण ही राज्य सरकार का उद्देश्य है। इसी भाव से राज्य में समान नागरिक संहिता 2026 पारित हुई है। माताओं-बहनों और बेटियों को समान अधिकार और सुरक्षा देने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। किसान कल्याण, राज्य सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है। किसानों की बेहतरी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस वर्ष 14 लाख किसानों से समर्थन मूल्य पर गेंहू उपार्जित किया गया। किसानों की आय बढ़ाने के लिए दुग्ध उत्पादन को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। दुग्ध उत्पादन को 20 प्रतिशत तक ले जाना राज्य सरकार का लक्ष्य है। कृषकों को मछली पालन, सिंघाड़े की खेती जैसी की आय बढ़ाने की गतिविधियों में सहायता और सलाह दी जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवाड़ी में विकास का नया अध्याय आरंभ करते हुए 109 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 44 कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने 54 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 15 विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ओरछाधीश रामराजा सरकार को नमन करते हुए कहा कि हम निवाड़ी में रामराज्य की स्थापना के पथ पर अग्रसर हैं। टीकमगढ़ से अलग कर निवाड़ी को नया जिला बनाया गया है। यहां विकास की अनन्त संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव निवाड़ी में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।