इन प्रदेशों में आगे बढ़ रहा है मानसून, कहां-कहां हो सकती वर्षा
नई दिल्ली. दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ता हुआ कई और राज्यों को चपेट में ले रहा है। कहीं तेज बरसात तो कहीं बादजलों के बीच रूक-रूक कर बूंदाबांदी का सिलसिला देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज यानी 23 जून को मानसून और अधिक सक्रिय हो सकता है। जिससे कई हिस्सों में वर्षा की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। खासकर दक्षिण और पूर्वी भारत के साथ-साथ उत्तर भारत के कुछ इलाकों में भी मौसम का प्रभाव दिखाई देने लगा है।
स्कईमेट के अनुसार मौजूदा हालात में देश के ऊपर कई सक्रिय मौसम प्रणाििलयों एक साथ काम कर रही है। जिनकी वजह से वर्षा का दायरा बढ़ रहा है। इन प्रणालियों के असर से मानसून अब महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों की तरफ बढ़ रहा है। वहीं केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों में पहले से ही भारी वर्षा का दौर जारी है। जिससे कई जगहों पर जनजीवन प्रभावित हो सकता है। पिछले दिन केरल, तटीय कर्नाटक और कोंकण-गोवा में अच्छी वर्षा दर्ज की गयी है। वहीं मध्यभारत और पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा देखने को मिली है। उत्तर भारत के कुछ इलाकों में भी बादल छाये रहे। कहीं-कहीं हल्की वर्षा ने मौसम को सुहावना बना दिया है।
आज के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार केरल और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पूर्वोत्तर भारत और सिक्किम में तेज बारिश के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। वहीं महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ धूल भरी आंधी और बारिश की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश के आसार बने हुए है।