पेट्रोल-डीजल के दाम 90 पैसे प्रतिलीटर बढ़े
नई दिल्ली. देश की सरकारी तेल कंपनियों ने मंगलवार की सुबह पेट्रोल-डीजल की कीमतों में करीब 90 पैसे प्रतिलीटर की और वृद्धि कर दी है। आम जनता के लिये यह दोहरा झटका है क्योंकि पिछले शुक्रवार 15 मई को ही तेल कंपनियों ने लगभग 3 रूपये प्रतिलीटर की बड़ी वृद्धि की थी। एक हफ्ते के अन्दर ईंधन की दरों में यह दूसरी बड़ी वृद्धि है।
बाजार विश्लेषकों और उद्योग से जुड़े सूत्रों के अनुसार यह वृद्धि वैश्विक स्तर पर जारी कूटनीतिक और सैन्य संकट का सीधा परिणाम है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते गतिरोध और ‘‘होॅर्मुज स्ट्रैट’’ मार्ग पर आपूर्ति बाधित होने की आशंका से अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर क्रूड ऑयल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार बनी हुई है।
चारों महानगरों में अब क्या हैं नए रेट्स?
दिल्ली में अब पेट्रोल 98.64 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जिसमें 87 पैसे की बढ़ोतरी हुई है, वहीं डीज़ल की कीमत 91.58 रुपये प्रति लीटर है, जो 91 पैसे ज़्यादा है। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
मुंबई में पेट्रोल की कीमत 91 पैसे बढ़कर 107.59 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल की कीमत 94 पैसे बढ़कर 94.08 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
कोलकाता में पेट्रोल की कीमत में सबसे ज़्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो 96 पैसे बढ़कर 109.70 रुपये प्रति लीटर हो गई, वहीं डीज़ल की कीमत 94 पैसे बढ़कर 96.07 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 82 पैसे बढ़कर 104.49 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल की कीमत 86 पैसे बढ़कर 96.11 रुपये प्रति लीटर हो गई है।