LPG, दूध के बाद एक और झटका, अब सीएनजी हो गई महंगी
मुंबई वालों को बड़ा झटका लगा है. मुंबई में सीएनजी महंगी हो गई है. एमजीएल यानी मुंबई गैस लिमिटेड ने CNG कीमत 2 रुपये बढ़ाकर 84 रुपये किलो कर दी है. 14 मई रात से नई दरें लागू हो चुकी हैं. अब ऑटो टैक्सी बसों की लागत और किराया बढ़ने की आशंका है.
LPG गैस सिलेंडर, अमूल और मदर डेयरी दूध के बाद महंगाई का एक और झटका लगा है. जी हां, मुंबई में अब सीएनजी महंगी हो गई है. मुंबई में सीएनजी 2 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई है. मुंबई में सीएनजी की नई कीमत अब 84 रुपए प्रति किलो हो गई है. इस तरह मुंबई में अब यात्रियों और सार्वजनिक परिवहन संचालकों को सफर के लिए ज्यादा खर्च करना पड़ेगा. कारण कि एमजीएल यानी महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने सीएनजी यानी कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की खुदरा कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की घोषणा की है. कंपनी ने इसके पीछे पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में आई उथल-पुथल और ईंधन खरीद लागत में बढ़ोतरी को वजह बताया है.
मुंबई में सीएनजी की बढ़ीं कीमते 14 मई की रात 12 बजे से लागू हो गई हैं. एमजीएल ने बुधवार को बताया था कि आज रात 12 बजे से सीएनजी की कीमत 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ जाएगी, जिससे शहर और आसपास के इलाकों में नई दर 84 रुपये प्रति किलोग्राम हो जाएगी. बुधवार के बयान के मुताबिक, वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला में भू-राजनीतिक उथल-पुथल, महंगे गैस स्रोतों पर बढ़ती निर्भरता, कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और रुपये की गिरावट के चलते गैस खरीद लागत में काफी इजाफा हुआ है.
दरअसल, यह बढ़ोतरी ऐसे समय में आई है, जब पश्चिम एशिया में ईरान संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता है. ईरान जंग के चलेत आपूर्ति श्रृंखला बाधित हुई है और दुनियाभर में ऊर्जा की कीमतें बढ़ गई हैं. इससे पहले अमूल और मदर डेयरी ने दूध के दामों में दो रुपए की बढ़ोतरी की. इससे पहले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी करीब 1 हजार रुपए का इजाफा हुआ था.