NEET एग्जाम रद्द, MBBS स्टूडेंट मास्टरमाइंड, 60 लाख में हुई थी डील
नई दिल्ली. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए ने 3 मई को हुई नीट 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। परीक्षा की नई डेट्स जल्द जारी की जाएंगी। एनटीए ने कहा है कि केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा रद्द की गई है। बिहार में नीट परीक्षा में सॉल्वर गैंग एक्टिव थी। 60 लाख रुपए में एक सीट की डील हुई थी। एग्जाम से ठीक पहले पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा किया था। इसका मास्टरमाइंड एक एमबीबीएस स्टूडेंट था। नालंदा पुलिस ने गिरोह के 7 लोगों को गिरफ्तार किया था।
चेकिंग के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया
2 मई की रात नालंदा की पावापुरी थाना पुलिस ने गाड़ी चेकिंग के दौरान दो लग्जरी गाड़ियों (स्कॉर्पियो-एन और ब्रेजा) से तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें मुख्य आरोपी विम्स मेडिकल कॉलेज का एमबीबीएस छात्र अवधेश कुमार है। उसके मोबाइल की जांच में कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। नीट परीक्षा में सॉल्वर बैठाकर पास कराने वाले संगठित गिरोह के 7 लोग अरेस्ट हुए थे। इस मामले में पहले गिरफ्तार सरगना की निशानदेही पर पुलिस ने मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में छापेमारी कर 4 और आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब तक इस मामले में कुल 7 बदमाशों को पकड़कर जेल भेजा जा चुका है।
परीक्षा पास कराने के लिए एक कैंडिडेट से 50 से 60 लाख वसूलता था
पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरोह नीट परीक्षा पास कराने के लिए एक कैंडिडेट से 50 से 60 लाख रुपए तक वसूलता था। इसमें से 1.5 से 2 लाख रुपए एडवांस के तौर पर पहले ही ले लिए जाते थे। इसके बाद परीक्षा केंद्र पर असली कैंडिडेट की जगह सॉल्वर बिठाने की तैयारी की जाती थी।
मुजफ्फरपुर समेत अलग-अलग जिलों में छापेमारी
मास्टरमाइंड की निशानदेही पर पुलिस ने औरंगाबाद, जमुई और मुजफ्फरपुर समेत अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर 4 और आरोपियों को गिरफ्तार किया था। ये सभी परीक्षा में सॉल्वर बिठाने वाले थे, लेकिन मुख्य आरोपी के गिरफ्तार होने से पूरे गिरोह के मनसूबे पर पानी फिर गया।
डॉक्टर का बेटा समेत 4 गिरफ्तार
पुलिस ने जिन 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, उनमें सीतामढ़ी के डॉ. नरेश कुमार दास का बेटा हर्षराज, मुजफ्फरपुर का मनोज कुमार शामिल है। इसके अलावा बोचहां के गौरव कुमार और हथौरी थाना क्षेत्र के सुभाष कुमार को अरेस्ट किया गया था। चारों को गिरफ्तार कर जेल में भेज दिया गया है।