गिरगांव में किसान के सिर में गोली लगने से हुई मौत, 40 हजार रूपये लेन-देन का था विवाद

ग्वालियर. एक किसान की सिर में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गयी। मंगलवार को 40 हजार रूपये के लेन-देन को लेकर 2 पक्षों के बीच में झगड़ा हो गया। इस बीच एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। घटनाक्रम दोपहर 1-2 बजे के बीच गिरगांव में हुआ था। यहां किसान डालचंद गुर्जर अपने भाई राजवीर और एक अन्य भाई के साथ खेत में पानी दे रहा था। तभी गांव में ही रहने वाले रामसेवक गुर्जर, सोनू, सुमनता, लल्ला, भब्बा और दीपू गुर्जर समेत अन्य हमलावरों ने उस पर हमला कर गोलियां चलाना शुरू कर दी। एक गोली डालचंद गुर्जर 40, के सिर में जा लगी थी। वह गंभीर हालत में घायल हो गया था। बचपन से ही डालचंद न तो बोल सकता था और न ही सुन सकता था।
गोली मारकर भाग निकले हमलावर
घायल अवस्था में किसान डालचंद को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल समूह के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, घटना के बाद सभी हमलावर फरार हो गए। पुलिस के आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। डालचंद की मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।