कलश यात्रा के शुरू होगा नवग्रह मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा, दो हजार पुलिसकर्मियों के घेर में नवग्रह मंदिर, 2 लेयर की होगी सुरक्षा व्यवस्था
ग्वालियर. डबरा स्थित नवग्रह मंदिर में होने वाली प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर पुलिस ने कड़े सुरक्षा व्यवस्था की है। आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं और वीआईपी के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में 2 लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। मंदिर के अन्दर 1500 पुलिसकर्मी और बाहर लगभग 500 पुलिसकर्मी तैनात किये जायेंगे। जो हर आने-जाने वाले पर नजर रखेंगे। इसके साथ ही जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाये गये है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग के भी बेहतर इंतजाम किये गये है। ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। मंगलवार को कलश यात्रा के साथ ही 11 दिवसीय आयोजन का भव्य शुभारंभ होगा। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिये सोमवार को आईजी ग्वालियर ने नवग्रह मंदिर पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
मंगलवार को कलश यात्रा से होगी शुरूआत
नवग्रह मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह की शुरूआत मंगलवार को कलश यात्रा के साथ होगी। मंदिर परिसर की सुरक्षा राउंड द क्लॉक रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिये ग्वालियर के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी पुलिसबल बुलाया गया है इसके अलावा 12 राजपत्रित अधिकारी भी तैनात किये गये है। पार्किंगस्थलों के आसपास भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही होटल, लॉज और धर्मशालाओं पर भी पुलिस की नजर रहेगी। निरीक्षण के दौरान एएसपी जयराज कुबेर भी उपस्थित थे।
500 मीटर दूर बनाया गया हेलीपैड
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में कई वीवीआईपी के आगमन को देखते हुए मंदिर से करीब 500 मीटर दूर हेलीपैड बनाया गया है। यहां भी दिन-रात पुलिस बल तैनात रहेगा।आईजी अरविंद कुमार ने बताया कि नवग्रह मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में आने वाले वीआईपी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। करीब 2000 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए गए हैं। पूरा परिसर CCTV कैमरों की निगरानी में रहेगा।