11 साल के बच्चे की मौत, शिक्षामंत्री और कृषि मंत्री को भी हुआ स्वाइन फ्लू, अब तक 22 जानें गईं
हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू से लगातार मौतें हो रही हैं. ताजा मामले में कांगड़ा में एक 11 साल के बच्चे की मौत हुई है. बच्चे की मौत हालांकि, 11 फरवरी को हुई है, लेकिन बुधवार को टेस्ट रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है. उधर, हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और कृषि मंत्री राम लाल मार्कंडा को भी स्वाइन फ्लू हो गया है.
सूत्रों के अनुसार, बुधवार को ये दोनों हल्के बुखार की शिकायत के बाद रुटीन चैकअप के लिए शिमला के आईजीएमसी अस्पताल गए थे, जहां इनके टेस्ट हुए हैं. टेस्ट में रिपोर्ट प़ॉजिटिव पाई गई है. हालांकि, आईजीएमसी प्रबंधन इस बारे में कुछ भी बोलने से बच रहा है.
उधर, कांगड़ा में 9वीं और पूरे प्रदेश में 22वीं मौत हुई है. सूबे में चार दिन में स्वाइन फ्लू से छह लोगों की जान चली गई है. वहीं, सूबे में 177 मरीज स्वाइन फ्लू से जूझ रहे हैं.