MP में मानसून मेहरबान, अगले 48 घंटे में तरबतर होंगे कई जिले, भारी बारिश का अलर्ट
भोपाल. विभिन्न मौसम प्रणालियों का असर प्रदेश पर पड रहा है। दक्षिण-पश्चिमी हवाएं भी नमी ला रही है। इसके असर से प्रदेश भर में वर्षा का दौर जारी है लेकिन इनमें से किसी मौसम प्रणाली के ज्यादा ताकतवर नहीं होने के चलते कहीं भारी वर्षा नहीं हो पा रही है।
रूक-रूक के बारिश का दौरा जारी
प्रदेश में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक वर्षा मंडला में 81 मिमी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि नमी आते रहने से मंगलवार को भी रूक-रूक कर वर्षा का दौर जारी रहेगा। दो दिन बाद वर्षा में कुछ तेजी आ सकती है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में प्रदेश के गुना, रायसेन, सागर में कहीं-कहीं भारी वर्षा तो भोपाल, सीहोर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, दमोह, मंडला, छिंदवाडा और बैतूल में सामान्य वर्षा का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के पूर्व वरिष्ठ विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि दक्षिणी गुजरात के तट से लगे उत्तर पूर्वी अरब सागर से लेकर पश्चिमी बिहार तक एक द्रोणिका बनी हुई है जो मध्य प्रदेश के ऊपर से होकर गुजर रही है। इसके चलते प्रदेश में अरब सागर से नमी आ रही है।