MP में 1 जुलाई से परिवहन चौकियां हो जाएंगी बंद, 45 चेक प्वाइंट से रखी जाएगी नजर

भोपाल. परिवहन चौकियों पर भ्रष्टाचार की शिकायतों को रोकने के लिए प्रदेश सरकार ने बडा कदम उठाते हुए 1 जुलाई यानी सोमवार से गुजरात की तर्ज पर प्रदेश्ज्ञ में परिवहन चौकियों को बंद करने का निर्णय लिया है। अब चौकियों के स्थान पर प्रदेश की अंतरराज्यीय सीमा पर 45 चेक प्वाइंट से नियामों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। 94 मोबाइल यूनिट स्थापित होंगी और परिवहन विभाग के अमले की मदद के लिए 211 होमगार्ड भी तैनात किए जाएंगे। रविवार को अवकाश के दिन परिवहन विभाग ने इसके आदेश जारी किए तो मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग करके कलेक्टरों से नई व्यवस्था विभाग का सहयोग करने के निर्देश दिए।
कई राज्यों में नहीं है चेकपोस्ट
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि, अन्य प्रांतों की सीमा पर वाहनों के आवागमन में भूमिका अदा करने वाली चौकियों पर अव्यवस्थाओं को दूर करने और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने के लिए परिवहन चौकियों को बंद करने का कदम उठाया है। परिवहन व्यवस्था के संबंध में शिकायत मिलने पर अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नई व्यवस्था से भारी वाहनों के संचालकों को किस प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी जिलों से जुड़े प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी परिवहन विभाग को नई व्यवस्था में आवश्यक सहयोग दें। अब सीमावर्ती जिलों में नई व्यवस्था में उड़नदस्ते काम करेंगे। परिवहन नाकों के स्थान पर मोबाइल टीम काम करेगी। चेक प्वाइंट पर पदस्थ अमला समयावधि में बदलेगा। इससे राजस्व संग्रहण में वृद्धि और व्यवस्थित कार्य होगा।