गृहमंत्री अमित शाह 1.30 बजे ग्वालियर पहुंचेंगे और शाम 6.30 बजे रवाना होंगे

ग्वालियर. चंबल संभाग में विधानसभा चुनाव की तैयारी में संभाग के पदाधिकारियों की बैठक लेने आ रहे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की सुरक्षा व रूट व्यवस्था के लिए 12 किलोमीटर के रूट पर लगभग 1200 का बल तैनात किया जाएगा। रूट के तीन किलोमीटर के क्षेत्र को नो फ्लाई जोन भी घोषित किया गया है। प्रदेश में सोमवार को लगभग 12 वीआईपी अलग-अलग शहरों में होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त बल नहीं आएगा और तिघरा पीटीएस के बल सहित संभाग के जिलों से सुरक्षा के लिए बल मंगाया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीण ने विमान कंपनियों से संपर्क कर फ्लाइट के यात्रियों को दो घंटे पहले विमानतल पर पहुंचने का मैसेज विधिवत भेजने के निर्देश दिए है ताकि विमान यात्रियों को असुविधा न हो। गृहमंत्री की बैठक में पहुंचने वाले नेताओं के वाहनों की पार्किंग जीवाजी विश्वविद्यालय परिसर में कराई जाएगी।
यह है तय शेड्यूल
केंद्रीय गृहमंत्री दोपहर 1.30 बजे विमानतल पर पहुंचेंगे और शाम 6.30 बजे वापस रवाना होंगे। इससे पूर्व दोपहर 12.30 से 2 बजे तक और शाम 5.30 से 7 बजे तक 12 किमी के रूट के मुख्य चौराहों व तिराहों से रूट डायवर्ट रहेगा।